हिंदी
ग्रामीणों ने कर दी पिटाई (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: शिवगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में रात के समय महिला से मिलने पहुंचे पड़ोसी जिले के एक युवक को ग्रामीणों ने चोर समझकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने युवक की कार के शीशे भी तोड़ दिए। मारपीट में घायल युवक किसी तरह वहां से निकलकर अगले दिन थाने पहुंचा और एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक पड़ोसी जिले का यह युवक लंबे समय से गांव की एक महिला से मिलने रात के समय आता-जाता था। बताया जा रहा है कि वह कभी कार तो कभी बाइक से गांव पहुंचता था और ग्रामीणों की नजरों से बचकर महिला से मिलने के बाद वापस चला जाता था। ग्रामीणों को युवक की इन गतिविधियों पर पहले से शक था। उसके बार-बार रात में गांव आने-जाने के बावजूद कुछ समय तक मामला शांत रहा, लेकिन 19 सितंबर की रात स्थिति अचानक बदल गई।
बताया गया कि 19 सितंबर की रात युवक एक बार फिर गांव पहुंचा। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और युवक को घेर लिया। आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मामला बढ़ा तो उसकी कार को भी निशाना बनाया गया और कार के शीशे तोड़ दिए गए। मारपीट में युवक को चोटें आईं।
मारपीट के बाद युवक किसी तरह वहां से निकल गया। अगले दिन वह शरीर पर चोटों के निशान लेकर शिवगढ़ थाने पहुंचा। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को नामजद किया।
सुलतानपुर में किसके नाम खुलेगा 2027 का टिकट? BJP-SP में कई चेहरे, 1009 वोटों का पुराना हिसाब
शिवगढ़ पुलिस ने युवक की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
Location : Sultanpur
Published : 21 September 2026, 9:16 PM IST