कौशांबी में भू-माफियाओं की अब खैर नहीं, हर योजना पर डीएम अमित पाल की नजर

कौशांबी में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल एक्शन मोड में दिखे। राजस्व वसूली, पेंशन, सड़क निर्माण और जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने लापरवाही पर सख्ती दिखाई और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 5 May 2026, 9:41 PM IST
google-preferred

Kaushambi : जिले में प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल लगातार बैठकों के जरिए हर विभाग की समीक्षा कर रहे हैं और संदेश दे रहे हैं कि काम में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। राजस्व वसूली से लेकर पेंशन, सड़कों के निर्माण और जल जीवन मिशन तक हर काम की मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है। खास बात ये रही कि डीएम ने भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देकर बड़ा संकेत दिया है।

राजस्व वसूली पर सख्ती

जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में कर और राजस्व से जुड़े कामों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अभी से प्लान बनाकर राजस्व वसूली बढ़ाएं। बड़े बकायेदारों से वसूली में लापरवाही मिलने पर मंझनपुर तहसीलदार को नोटिस देने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी एसडीएम को नियमित निगरानी करने को कहा गया।

भू-माफियाओं पर कार्रवाई का आदेश

डीएम ने साफ कहा कि जिले में सक्रिय भू-माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।

बच्चों और महिलाओं के मामलों की भी समीक्षा

बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड की बैठक में बच्चों के मामलों की समीक्षा हुई। डीएम ने कहा कि जिन बच्चों का पुनर्वास हो चुका है, उनका नियमित फॉलोअप किया जाए। वन स्टॉप सेंटर में रह रही महिलाओं और बच्चियों के मामलों को भी समय पर निपटाने के निर्देश दिए गए।

Dr Amit Pal

जिलाधिकारी डॉ.अमित पाल ने समीक्षा बैठक की

पेंशन योजना में लापरवाही पर नाराजगी

सोशल सेक्टर योजनाओं की समीक्षा के दौरान वृद्धावस्था पेंशन में धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लोगों को जल्द से जल्द योजना का लाभ दिया जाए। काम में ढिलाई पर अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश भी दिए गए।

सड़क निर्माण और विकास कार्यों पर फोकस

प्रयागराज एयरपोर्ट से कौशांबी रोड और रामवन गमन मार्ग के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि काम गुणवत्ता और समयसीमा के साथ पूरा होना चाहिए। जमीन से जुड़े विवादों को जल्द सुलझाने के निर्देश भी दिए गए।

जल जीवन मिशन में तेजी लाने का आदेश

जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कामों की समीक्षा में डीएम ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। पाइपलाइन और सड़कों की मरम्मत के काम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही काम में तेजी लाने के लिए कंपनियों को लेबर बढ़ाने को कहा गया।

किसानों के लिए सिंचाई व्यवस्था पर जोर

डीएम ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिया कि खरीफ सीजन से पहले पूरी तैयारी कर ली जाए, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। तालाबों को समय से भरने के काम में तेजी लाने को भी कहा गया।

Location :  Kaushambi

Published :  5 May 2026, 9:37 PM IST

Related News

Advertisement