Kushinagar: “सावधान! गंडक नदी किनारे न जाएं…” कुशीनगर के राजपुर घाट पर मगरमच्छ दिखने से हड़कंप

कुशीनगर के रामकोला क्षेत्र स्थित छोटी गंडक नदी के राजपुर घाट पर बुधवार सुबह मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने नदी किनारे मगरमच्छ को देखा, जिसके बाद वह पानी में चला गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को नदी किनारे जाने से बचने की सलाह दी।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 30 July 2026, 12:29 PM IST
google-preferred

Kushinagar: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला क्षेत्र में छोटी गंडक नदी के राजपुर घाट पर बुधवार सुबह मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। सुबह टहलने निकले कुछ ग्रामीणों ने नदी किनारे मगरमच्छ को बैठे देखा। लोगों की आहट मिलते ही मगरमच्छ नदी में चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने एक-दूसरे को सतर्क रहने की सलाह दी।

घाट पर रोजाना पहुंचते हैं बड़ी संख्या में लोग

ग्रामीणों के मुताबिक, राजपुर घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग स्नान करने, पशुओं को पानी पिलाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नदी किनारे मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि लापरवाही भारी पड़ सकती है और कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। हालांकि टीम को वहां मगरमच्छ नजर नहीं आया। वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ने के दौरान नदियों और नालों में मगरमच्छों की आवाजाही बढ़ सकती है।

नदी किनारे जाने से लोगों को किया मना

वन विभाग ने ग्रामीणों से नदी के किनारे जाने से बचने की अपील की है। खासकर मछली पकड़ने, पशुओं को पानी पिलाने या अन्य गतिविधियों के लिए नदी के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है। विभाग की ओर से नदी किनारे जल्द ही चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की तैयारी की जा रही है।

बांसी नदी में पहले भी हो चुके हैं हमले

वन विभाग और ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र की बांसी नदी में पहले भी मगरमच्छों द्वारा लोगों पर हमले किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में छोटी गंडक नदी में मगरमच्छ दिखने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है और लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

 

Location :  Kushinagar

Published :  30 July 2026, 12:29 PM IST

Related News

Advertisement