हिंदी
विकास भवन में चली लंबी चर्चा
Kushinagar: विकास भवन सभागार में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु/व्यापार बन्धु एवं श्रम बन्धु की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
बैठक में मेसर्स विशाल ट्रेडिंग कम्पनी, मुसहर बस्ती, जंगल बेलवा, पडरौना स्थित इकाई तक पक्के संपर्क मार्ग के निर्माण एवं चौड़ीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका ने अवगत कराया कि मार्ग निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और इसे शीघ्र पूर्ण करा लिया जाएगा।
इसी प्रकार मेसर्स सीएससी कुशीनगर सठियांव यूपी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, सठियांव, फाजिलनगर के इकाई स्थल तक संपर्क मार्ग निर्माण के संबंध में अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत फाजिलनगर ने जानकारी दी कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य प्रारंभ कर पूर्ण कराया जाएगा।
वहीं मेसर्स बुद्धा वाटर पार्क एवं रिजॉर्ट, एनएच-28, भैसहां के संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं मरम्मत के विषय में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ने बताया कि कार्य स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मिनी औद्योगिक आस्थान, सरगटिया करनपट्टी, दुदही में विद्युत आपूर्ति में सुधार का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, विद्युत, सेवरही को आगामी 10 दिनों के भीतर विद्युत संबंधी सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की प्रगति के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति अनिवार्य है।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
बैठक में सीएम युवा, ओडीओपी एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने अग्रणी जिला प्रबंधक, सेन्ट्रल बैंक सहित सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को लक्ष्य पूर्ति हेतु सकारात्मक सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही बैंकवार लक्ष्य की प्रगति की अलग से समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही गई।
जीबीसी-5 के अंतर्गत विभिन्न विभागों को आवंटित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए कृषि, आयुष, बेसिक शिक्षा, गन्ना, मत्स्य, खाद्य सुरक्षा, जिला आपूर्ति, पर्यटन, राज्य कर, राजस्व, तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं सहकारिता विभाग को विशेष प्रयास कर 1200 करोड़ रुपये के लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निवेश मित्र पोर्टल पर विभागवार लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयसीमा से पूर्व स्वीकृतियां जारी करने तथा पारदर्शी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Kushinagar News: पराली जलाने से खेतों में लगी भीषण आग, चपेट में आया आबादी क्षेत्र, जानें पूरी खबर
जिला श्रम बन्धु की बैठक में श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने श्रमिकों को विभागीय योजनाओं में पंजीकरण कर विभिन्न लाभ प्राप्त करने की जानकारी दी। व्यापार बन्धु की बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।
Location : Kushinagar
Published : 16 February 2026, 5:25 PM IST