कुशीनगर में कुलकुला देवी मंदिर और हिरण्यवती नदी का होगा कायाकल्प, डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने तैयार कराया प्लान

कुशीनगर के दिलीपनगर स्थित मां कुलकुला देवी मंदिर और हिरण्यवती नदी क्षेत्र के विकास को लेकर प्रशासन ने बड़ा प्लान तैयार किया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, पर्यटन विकास और वृक्षारोपण को लेकर अधिकारियों को कई निर्देश दिए।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 May 2026, 7:45 PM IST
google-preferred

Kushinagar: कुशीनगर के कसया विकास खंड स्थित दिलीपनगर में धार्मिक आस्था के केंद्र मां कुलकुला देवी मंदिर (Maa Kulkula Devi Temple) और उसके पास बहने वाली हिरण्यवती नदी (Hiranyavati River) के विकास को लेकर प्रशासन ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर (Mahendra Singh Tanwar) ने शुक्रवार को मंदिर और नदी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

मंदिर और नदी क्षेत्र का होगा सौंदर्यीकरण

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं और पूरे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना जरूरी है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हिरण्यवती नदी की सफाई कार्य को 500-500 मीटर के हिस्सों में बांटकर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए। नदी में जमा प्लास्टिक कचरे को वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित करने के भी निर्देश दिए गए।

ड्रोन सर्वे और मशीनों से होगी सफाई

जिलाधिकारी ने कहा कि जहां जरूरत होगी, वहां ड्रोन सर्वे कराया जाएगा। इसके साथ ही मशीनों की मदद से नदी में जमी सिल्ट और झाड़ियों की सफाई कराई जाएगी। गांवों से नदी में गिरने वाले गंदे पानी को फिल्टर करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर चैंबर बनाए जाएंगे, जिससे नदी का पानी प्रदूषित न हो।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की जमीन, आराजी संख्या और क्षेत्रफल की जानकारी भी ली। तहसील प्रशासन को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र का नक्शा और विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जल्द उपलब्ध कराई जाए।

पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा क्षेत्र

जिलाधिकारी ने बताया कि मां कुलकुला देवी मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। इसके तहत खाली स्थानों का व्यवस्थित विकास किया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए महिला एवं पुरुषों के अलग-अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

2 लाख पौधे लगाने की तैयारी

प्रशासन ने मंदिर और नदी क्षेत्र के आसपास बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की भी योजना बनाई है। जिलाधिकारी के अनुसार आगामी अभियान में करीब 2 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें 10 हजार फलदार पौधे शामिल होंगे। इससे पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा और बंदरों व पक्षियों के लिए प्राकृतिक भोजन की व्यवस्था भी हो सकेगी।

ग्रामीणों से की श्रमदान की अपील

निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने लोगों से श्रमदान अभियान में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रमदान की तिथि तय होने पर उन्हें भी सूचना दी जाए ताकि वे स्वयं भी इसमें शामिल हो सकें। साथ ही सफाई कार्य में लगे श्रमिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग को मौके पर मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।

Location :  Kushinagar

Published :  15 May 2026, 7:32 PM IST

Advertisement