राज निकला अहमद! अंबेडकरनगर में धर्म परिवर्तन और अपहरण का बड़ा खेल

जिले की नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा स्थित प्रसिद्ध दरगाह क्षेत्र एक बार फिर धर्म परिवर्तन और युवतियों के शोषण के आरोपों को लेकर चर्चा में है। आजमगढ़ की दो सगी बहनों के अपहरण और कथित धर्म परिवर्तन के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 15 May 2026, 6:25 PM IST
google-preferred

Ambedkar Nagar: जिले की नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा स्थित प्रसिद्ध दरगाह क्षेत्र एक बार फिर धर्म परिवर्तन और युवतियों के शोषण के आरोपों को लेकर चर्चा में है। आजमगढ़ की दो सगी बहनों के अपहरण और कथित धर्म परिवर्तन के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में संचालित लॉज, गेस्ट हाउस और होम स्टे की गतिविधियों पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सगी बहनों के मामले ने बढ़ाई चिंता

पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय आरोपी राज उर्फ अहमद ने आजमगढ़ की दो बहनों को अपने प्रेम जाल में फंसाया। आरोप है कि वह पहले अपना नाम केवल “राज” बताता था और बाद में युवतियों को सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करता था।

प्राथमिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी कई अन्य हिंदू लड़कियों और महिलाओं के संपर्क में था। पुलिस को आशंका है कि वह उन्हें भी अपने प्रभाव में लेकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहा था। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पीड़ित बहनों के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों बहनों को बरामद कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

गेस्ट हाउस और होम स्टे पर उठे सवाल

किछौछा क्षेत्र में संचालित गेस्ट हाउस, लॉज और होम स्टे पहले भी विवादों में रहे हैं। आरोप है कि यहां बिना पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच किए लोगों को कमरे किराये पर दिए जाते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बाहरी राज्यों और यूपी के दूसरे जिलों से आने वाले लोग यहां बिना किसी सत्यापन के ठहरते रहे हैं। हाल ही में वाराणसी से भागकर आए एक प्रेमी युगल ने भी इसी क्षेत्र में शरण ली थी, जिसके बाद धर्म परिवर्तन की आशंका को लेकर काफी हंगामा हुआ था।

पहले भी सामने आ चुके हैं गंभीर आरोप

इससे पहले दरगाह क्षेत्र में एक मौलाना पर झाड़फूंक के बहाने महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकांश गेस्ट हाउसों में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे हैं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना मुश्किल हो जाता है। प्रशासन ने पहले भी कई बैठकें कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।

पुलिस खंगाल रही आरोपी का नेटवर्क

अब पुलिस आरोपी अहमद उर्फ राज के पूरे नेटवर्क और गतिविधियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी लोग सहयोगी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किछौछा क्षेत्र में संचालित गेस्ट हाउस और होम स्टे की जांच भी तेज कर दी गई है।

Location :  Ambedkar Nagar

Published :  15 May 2026, 6:20 PM IST

Advertisement