Krishna Janmashtami 2025: जन्माष्टमी पर मथुरा किले में तब्दील, मुख्यमंत्री योगी भी भव्य आयोजन में लेंगे हिस्सा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2025 के अवसर पर मथुरा में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए शहर को चार जोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है, जहां 5,000 से अधिक पुलिस बल तैनात हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मथुरा में पूजा-अर्चना करेंगे।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 August 2025, 10:15 AM IST
google-preferred

Mathura: भक्ति, आस्था और उल्लास से सराबोर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा नगरी को किले में तब्दील कर दिया गया है। देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरा शहर पुलिस और सुरक्षाबलों की निगरानी में है, ताकि श्रद्धालु निर्भीक होकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सकें।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मथुरा को सुरक्षा के लिहाज से चार जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां 5,000 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। हर गली, हर सड़क और मंदिर परिसर के आसपास पीएसी जवान तैनात हैं। कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की सहायता से निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने इसे ‘सेना जैसी तैयारी’ बताया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटा जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मथुरा पहुंचेंगे। सीएम श्रीकृष्ण जन्मस्थान में पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में एक पौधा भी रोपण करेंगे। इसके बाद वह पांचजन्य सभागार पहुंचेंगे, जहां वो मथुरा की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे और संत समाज का सम्मान करेंगे। साथ ही गोवर्धन पर्वत पर आधारित वृत्तचित्र भी देखेंगे, जिसमें ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है।

यातायात पर विशेष नियंत्रण

तीन दिवसीय श्रीकृष्णोत्सव के चलते भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा, जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए दोपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगा दी गई है। पैदल यात्रियों के लिए विशेष मार्ग बनाए गए हैं। शहर में अवरोधक (बैरिकेडिंग) जगह-जगह लगाई गई है, जहां पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। जन्मस्थान में प्रवेश के लिए मुख्य द्वार की जगह उत्तरी द्वार (गोविंद नगर वाला) प्रयोग किया जा रहा है, जबकि निकासी मुख्य द्वार से की जा रही है।

प्रतिबंधित वस्तुएं 

जन्मस्थान परिसर में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, की-रिंग, रिस्ट वॉच, बीड़ी, माचिस, लाइटर, छाता, बैग और जूते-चप्पल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘ब्रजधाम डॉट को डॉट इन’ नाम से एक वेबसाइट शुरू की है, जिसमें मंदिरों की जानकारी, मार्गदर्शन, सुरक्षा नियम और ट्रैफिक प्रतिबंधों की जानकारी दी गई है।

शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

कृष्णोत्सव 2025 की शुरुआत एक भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें तीन से चार सौ लोक कलाकारों ने अपनी-अपनी कलाओं का प्रदर्शन किया। यह यात्रा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्य द्वार से शुरू होकर डीग गेट, रूपम सिनेमा तिराहा, गोविंद नगर थाना, महाविद्या कॉलोनी और पोतरा कुण्ड होते हुए वापस मुख्य द्वार पर समाप्त हुई। इस दौरान भक्तों ने रास्तों में पुष्प वर्षा और भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रेलवे और सड़क परिवहन विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अतिरिक्त ट्रेनों और बसों की व्यवस्था की गई है।

Location : 
  • Mathura

Published : 
  • 16 August 2025, 10:15 AM IST

Advertisement
Advertisement