मुंबई के विक्रोली में हादसा: भारी बारिश के कारण भूस्खलन, दो की मौत, 2 लोग घायल

मुंबई में जारी मूसलाधार बारिश के कारण विक्रोली पश्चिम स्थित वर्षा नगर जन कल्याण सोसाइटी में भूस्खलन हुआ। हादसे में दो लोगों की मौत और दो घायल हुए हैं। मृतकों में एक 50 वर्षीय पुरुष और 19 वर्षीय युवती शामिल हैं। मुंबई में रेड अलर्ट जारी है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 August 2025, 7:55 AM IST
google-preferred

Mumbai:  महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में जारी भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। विक्रोली पश्चिम के वर्षा नगर जन कल्याण सोसाइटी में देर रात 2:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब अचानक एक पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर खिसक कर एक घर पर आ गिरे। इस भूस्खलन में दो लोगों की जान चली गई जबकि दो अन्य घायल हुए हैं।

मृतकों की हुई पहचान

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सुरेश मिश्रा (50 वर्ष) और उनकी बेटी शालू मिश्रा (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, आरती मिश्रा (45 वर्ष) और दो वर्षीय ऋतुज मिश्रा घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के समय सभी लोग अपने घर में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ मलबा घर में घुस गया, जिससे पूरा परिवार दब गया। स्थानीय लोगों और आपदा प्रबंधन टीम की मदद से मलबे से चारों को बाहर निकाला गया।

मुंबई में रेड अलर्ट जारी

मुंबई में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए "रेड अलर्ट" जारी किया है। मुंबई और उपनगरों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। विक्रोली के अलावा मुंबई के कई इलाकों जैसे कि अंधेरी, कुर्ला, चेंबूर, सायन और दादर में जलभराव की स्थिति बन गई है। अंधेरी और मिलन सबवे जैसे क्षेत्रों में सड़कें पानी में डूब चुकी हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

रेलवे सेवाओं पर पड़ रहा असर

रेलवे सेवाओं पर भी बारिश का असर पड़ा है। दादर और सायन रेलवे स्टेशनों पर ट्रैक पर पानी भरने के कारण लोकल ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। कुछ ट्रेनों को रोकना भी पड़ा है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुंबई पुलिस और बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट जारी कर नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। मुंबई पुलिस ने बताया कि बारिश के दौरान किसी भी अप्रत्याशित घटना से निपटने के लिए फोर्स तैयार है और सभी विभाग समन्वय में काम कर रहे हैं। एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की टीमों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।

कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित

इस बीच, स्थानीय नागरिकों में डर और चिंता का माहौल है। कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति भी बाधित हुई है। खासकर निचले इलाकों में रह रहे लोगों को अधिक परेशानी हो रही है क्योंकि जलभराव से रोजमर्रा की गतिविधियां ठप हो गई हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा राहत कार्य जारी है और जल निकासी के लिए पंपिंग मशीनों को तैनात किया गया है।

Location : 
  • Mumbai

Published : 
  • 16 August 2025, 7:55 AM IST