हिंदी
Kanwar Yatra 2026 (Img: Pinterest)
Meerut: श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर मेरठ जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने डीजे संचालकों के लिए सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को मेरठ में पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से करीब 250 डीजे संचालकों के साथ एक अहम समन्वय बैठक की गई। इस बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे के आकार, आवाज और बजाए जाने वाले गानों को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने सुरक्षा कारणों को देखते हुए डीजे के आकार की अधिकतम सीमा तय कर दी है। निर्देशों के मुताबिक, कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई जमीन से 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। वहीं डीजे की चौड़ाई अधिकतम 10 फीट तक ही रखी जा सकेगी।
अधिकारियों का कहना है कि कई बार बेहद ऊंचे डीजे बिजली के तारों से टकराने या सड़क पर दुर्घटना का कारण बन जाते हैं। इसी खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई डीजे तय मानक 12x10 फीट से बड़ा पाया गया, तो उसे सीज किया जाएगा और संचालक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है।
बैठक में डीजे संचालकों को गानों के चयन को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह के भड़काऊ, आपत्तिजनक, अश्लील या माहौल बिगाड़ने वाले गाने नहीं बजाए जाएंगे।
इसके अलावा उत्तेजक नारों और भड़काऊ ऐलानों पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। संचालकों को ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन करना होगा और आवाज तय सीमा में ही रखनी होगी।
देवरिया में दौड़ी तबादला एक्सप्रेस: कई थानेदार लाइन हाजिर, कई को नई जिम्मेदारी
मेरठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का बड़ा पर्व है। इसकी पवित्रता, सुरक्षा और शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने डीजे संचालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें, ताकि कांवड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी या खतरे का सामना न करना पड़े।
Location : Meerut
Published : 30 June 2026, 9:25 AM IST