हिंदी
चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का प्रदर्शन (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर नाराजगी जताई। सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों का समाधान करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में सपा नगर अध्यक्ष फजल महमूद के साथ विधायक अमिताभ बाजपेयी और विधायक हसन रूमी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय की ओर रुख किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ समेत कई नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही आपत्तियों और शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और कथित अनियमितताओं को दूर करने की मांग की।
सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि यह केवल क्षेत्रीय मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व का विषय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपनी आवाज मजबूती से उठाएगी। उनके मुताबिक, पार्टी का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती।
प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके साथ ही सपा नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग भी रखी।
Location : Kanpur
Published : 8 October 2026, 2:51 PM IST