हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Kannauj: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद ह्रदय विदारक खबर सामने आई है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। तालग्राम थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात सड़क किनारे खड़े एक बेतरतीब ट्रक से बाइक की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो सगे चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से शादी वाले घर और मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, तालग्राम कस्बा के मुहल्ला गांधीनगर निवासी 25 वर्षीय सौरभ शाक्य (पुत्र रामनाथ) फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का काम करते थे। शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे, सौरभ अपने चचेरे भाई 23 वर्षीय अवनीश शाक्य (पुत्र महेश चंद्र) के साथ बाइक पर सवार होकर तेराजाकेट क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में जा रहे थे। दोनों भाई कार्यक्रम में डिजिटल यादें संजोने के लिए घर से निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
रास्ते में जैसे ही उनकी बाइक निकवा गांव स्थित एसजीआर महाविद्यालय के पास पहुंची, वहां अंधेरे में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बेहद तेज रफ्तार में टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार और खौफनाक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाई लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों घायल युवकों को आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तालग्राम पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही इस हादसे की खबर दोनों भाइयों के परिजनों तक पहुंची, अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। माता-पिता और सगे-संबंधियों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय सूत्रों और जांच में यह बात सामने आई है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के पास आरटीओ (RTO) की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। आरटीओ की कार्रवाई और चालान के डर से कई ट्रक चालकों ने अपने भारी वाहन सड़क किनारे ही बेतरतीब तरीके से खड़े कर दिए थे और खुद पास के होटलों में जाकर छिप गए थे। सड़क पर बिना किसी संकेतक (इंडिकेटर) के खड़े इन्हीं ट्रकों में से एक ट्रक इन मासूम भाइयों के लिए काल बन गया।
Kannauj News: हरे पेड़ों की अवैध कटान पर हंगामा, ग्रामीण की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों युवकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। लापरवाही से सड़क पर वाहन खड़ा करने वाले फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Location : Kannauj
Published : 4 July 2026, 12:05 PM IST