हिंदी
जौनपुर में स्मार्ट मीटर पर बवाल (Image Source: google)
Jaunpur: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मुफ्तीगंज क्षेत्र के मुर्तजाबाद गांव में शनिवार को बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश देखने को मिला। अनुसूचित बस्ती के लोगों ने स्मार्ट मीटर से आ रहे बढ़े हुए बिल और लगातार हो रही बिजली समस्या को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कछ दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, लेकिन इसके बावजूद स्मार्ट मीटर से रोजाना बिल का मैसेज आ रहा है। इस स्थिति से नाराज लोगों ने अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़कर विभाग के खिलाफ विरोध जताया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां मासिक बिल 100 से 200 रुपये आता था, अब वही बिल 1000 से 2000 रुपये तक पहुंच गया है।
लोगों का कहना है कि बीते बुधवार को आई तेज आंधी के कारण बिजली का खंभा गिर गया था, जिसके बाद पूरे इलाके में पिछले चार दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। इसके बावजूद मोबाइल पर रोजाना 60 से 63 रुपये तक का बिल मैसेज भेजा जा रहा है।
नैनीताल में तमंचे की नोक पर लूट करने वाले तीन आरोपी ऐसे दबोचे गए
अच्छे लाल, ओमप्रकाश, गीता देवी, निशा देवी, उर्मिला और बुल्लू यादव सहित कई ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की है।
इस मामले पर बिजली विभाग की ओर से भी प्रतिक्रिया दी गई है। जेई गुलाब प्रजापति ने बताया कि आंधी के कारण बिजली का खंभा टूट गया था और उसे ठीक कराने का कार्य जारी है। हालांकि, ग्रामीणों के प्रदर्शन की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
बलरामपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार बारातियों को रौंदा, 1 की मौत…
वहीं अधीक्षण अभियंता सर्किल प्रथम मनोज गुप्ता ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर बिजली न होने की स्थिति में प्रावधानिक (प्रोविजनल) बिल जनरेट करता है, जिसे बाद में आपूर्ति बहाल होने पर संशोधित कर दिया जाता है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के संशय की स्थिति में आंदोलन करने के बजाय विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
Location : Jaunpur
Published : 2 May 2026, 9:54 PM IST