नोएडा में इंटरनेशनल गांजा तस्कर गिरफ्तार, भारत के अलावा थाईलैंड और अमेरिकी को भी बेचता था नशे की पुड़िया

आरोपी की पहचान मिलन सुमन उर्फ रैक्स उर्फ चिंटू के रूप में हुई है। उसे हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। जहां वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ था। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 5 June 2025, 6:08 PM IST
google-preferred

गौतमबुद्ध नगर: थाना फेस-2 पुलिस और सीआरटी टीम के संयुक्त प्रयास से एक अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 किलो ओजी गांजा बरामद किया गया है। जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपी की पहचान मिलन सुमन उर्फ रैक्स उर्फ चिंटू के रूप में हुई है। उसे हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। जहां वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ था। तस्कर के पास से विदेशी करेंसी भी बरामद हुई है, जिससे यह साबित होता है कि वह विदेशों से गांजा मंगवाकर भारत में तस्करी करता था।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि यह तस्कर लंबे समय से भारत में अवैध गांजा की तस्करी कर रहा था। वह अपने साथी अजीम, बन्टी कुमार, सूरज राव, शमीम और चंदन राव के जेल जाने के बाद भी अपने तस्करी के काम को जारी रखना चाहता था। मिलन ने हाल ही में 10 किलो गांजा मंगवाया था। जिसे उसने ग्रेटर नोएडा स्थित एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा कर रखा था। तस्कर के इस धंधे को उजागर करने के लिए पुलिस ने एक सटीक सूचना प्राप्त की और संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई।

तीन देशों की करेंसी बरामद

गिरफ्तारी के बाद मिलन ने पुलिस को बताया कि वह शिलांग से गांजा लाकर उसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों में बेचता था। गांजे की इस बड़ी खेप को वह फैक्ट्री में छिपाकर रखे हुए था, जहां से पुलिस ने इसे बरामद किया। डीसीपी ने यह भी बताया कि मिलन सुमन एक अंतरराष्ट्रीय स्मगलर है। उसके पर्स से तीन देशों की करेंसी बरामद हुई है। 1 अमेरिकी डॉलर, 20 थाईलैंड के बाट और 2000 इंडोनेशिया के रुपए मिले है।

मोबाइल फोन में मिली चैटिंग

यह विदेशी करेंसी यह संकेत करती है कि मिलन गांजा तस्करी के लिए विदेशों से भारत मंगवाता था। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि हाल ही में गिरफ्तार किए गए गांजा तस्करों के मोबाइल फोन में मिलन के साथ उनकी चैट्स पाई गई हैं। जिससे यह साबित हुआ कि वह विदेशी स्तर पर गांजा मंगवाता था और भारत में उसकी तस्करी करता था।

स्मगलिंग से बनी करोड़ों की संपत्ति

गिरफ्तारी के बाद की जांच में यह सामने आया कि मिलन सुमन ने स्मगलिंग के जरिए अवैध रूप से भारी मात्रा में आर्थिक लाभ अर्जित किया। 2020 तक उसके पास कोई संपत्ति नहीं थी, लेकिन अब वह करोड़ों रुपये का मालिक बन चुका है। उसकी संपत्ति देशभर के कई राज्यों में फैली हुई है, और पुलिस उसकी संपत्ति की जांच कर रही है।

सम्पति होगी कुर्क

डीसीपी ने कहा कि गैंगस्टर एक्ट के तहत मिलन की संपत्ति भी कुर्क की जाएगी, जो उसने अवैध तस्करी के माध्यम से अर्जित की है। पुलिस ने यह भी बताया कि इस पूरे तस्करी के रैकेट को अब समाप्त करने के लिए अभियान तेज किया गया है, ताकि इस प्रकार के अवैध कारोबार को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।

Location : 

Published :