हिंदी
Symbolic Photo
Noida: उत्तर प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की सर्दी का प्रकोप जारी है। ठंड के साथ घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिससे सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। प्रदेश के कई जिलों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है और दिन में भी गलन भरी ठंड महसूस की जा रही है।
न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में इस गिरावट के कारण ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आज कुछ इलाकों में कोहरे से हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन पूरी तरह से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
Weather Update: कश्मीर से उत्तराखंड तक अगले पांच दिन बारिश, दिल्ली में 500 उड़ानें लेट
पश्चिमी और पूर्वी यूपी के लिए चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 22 दिसंबर को भी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी संभाग में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने और शीत दिवस की स्थिति को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा रहेगा और कुछ स्थानों पर शीत दिवस की संभावना जताई गई है। सुबह के समय दृश्यता 100 से 150 मीटर तक सीमित रह सकती है।
इन जिलों में शीत दिवस का अलर्ट
मौसम विभाग ने कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज और कौशांबी में घने कोहरे और शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा जालौन और हमीरपुर में शीत दिवस को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी सर्दी का असर ज्यादा रहेगा।
पूर्वांचल में कोहरे का ज्यादा असर
श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, वाराणसी, चंदौली, मीरजापुर और सोनभद्र में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य हिस्से फिलहाल ग्रीन ज़ोन में हैं, जहां कोहरा अपेक्षाकृत कम रहेगा।
अगले दो दिन मिलेगी थोड़ी राहत
मौसम विभाग के अनुसार 23 दिसंबर को भी कोहरे से थोड़ी राहत मिल सकती है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे सर्दी में हल्की कमी महसूस होगी। हालांकि इसके बाद मौसम में फिर बदलाव आएगा और कोहरे के साथ ठंड दोबारा बढ़ सकती है। तीन दिन बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
सुल्तानपुर रहा सबसे ठंडा जिला
बीते 24 घंटों में सुल्तानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा बाराबंकी, अयोध्या, बरेली और शाहजहांपुर में भी तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और ठंड से बचाव के पर्याप्त उपाय करें।
Location : New Delhi
Published : 23 December 2025, 5:59 AM IST