हिंदी
Symbolic Photo
New Delhi: देश के अधिकतर हिस्सों में सर्दी के साथ घने कोहरे का प्रकोप जारी है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय कोहरा बेहद घना हो गया है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो रही है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच अंतर घटने से गलन और ठिठुरन में लगातार इजाफा हो रहा है। मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी कोहरे का असर साफ देखा जा रहा है।
कई राज्यों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। अमृतसर, आगरा, कानपुर वायुसेना स्टेशन और प्रयागराज वायुसेना स्टेशन में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। वहीं ओडिशा, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच दर्ज की गई।
अगले कुछ दिन और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग का अनुमान है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 27 दिसंबर तक रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। बिहार, ओडिशा, राजस्थान, झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत के हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जबकि मध्य भारत में भी तापमान 2 डिग्री तक गिर सकता है।
कश्मीर में चिल्ले कलां के दौरान हिमपात जारी
जम्मू-कश्मीर में चिल्ले कलां के दूसरे दिन भी पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। मैदानी इलाकों में बादल छाए रहे। बर्फबारी के चलते बांदीपोरा-गुरेज मार्ग और मुगल रोड अभी तक बंद हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बर्फबारी की संभावना जताई है। नए साल तक ठंड और बढ़ने के आसार हैं। श्रीनगर में दिन और रात के तापमान में अंतर बेहद कम रहने से ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है।
गुलमर्ग-सोनमर्ग बर्फ से ढके, पर्यटन को मिला बढ़ावा
कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी से गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, दूधपथरी और दकसुम जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं। गुलमर्ग में करीब 9 इंच और सोनमर्ग में लगभग 7 इंच बर्फ दर्ज की गई। पीर पंचाल की पहाड़ियों समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में 4 से 5 इंच ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
दिल्ली में कोहरे से उड़ान सेवाएं प्रभावित
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को 14 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 500 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। इनमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की उड़ानें शामिल हैं। औसतन उड़ानों में 30 मिनट से अधिक की देरी दर्ज की गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
Location : New Delhi
Published : 23 December 2025, 5:14 AM IST
Topics : New Delhi Weather Update Winter update