Sonbhadra: जल आपूर्ति के लिए जंजीरों में बंधकर DM ऑफिस पहुंचे सपाई, किया प्रदर्शन

सोनभद्र में खराब स्वास्थ्य सेवाओं और पानी की किल्लत को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता बेड़ियों में बंधकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पतालों में अव्यवस्था और गर्भवती महिलाओं की बदहाल स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 16 April 2026, 4:48 PM IST
google-preferred

Sonbhadra: जिले में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और जल आपूर्ति की समस्या को लेकर गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अनोखा तरीका अपनाते हुए खुद को बेड़ियों में बांध लिया और जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा।

बेड़ियों में बंधकर जताया विरोध

प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से खुद को बेड़ियों में जकड़ लिया। इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए उन्होंने प्रशासन का ध्यान जिले की जमीनी समस्याओं की ओर खींचने की कोशिश की।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर आरोप

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिले के सीएचसी, पीएचसी और मेडिकल कॉलेजों में मरीजों का शोषण हो रहा है और स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी जांच के लिए मरीजों को एक महीने तक इंतजार करना पड़ता है। जिससे निजी अस्पतालों को सीधा फायदा पहुंच रहा है।

सोनभद्र में खनन विवाद बना हिंसा की वजह, सपा नेता से मारपीट का आरोप; प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से लगाई गुहार

गर्भवती महिलाओं की स्थिति चिंताजनक

प्रदर्शनकारियों ने सबसे गंभीर मुद्दा गर्भवती महिलाओं की हालत को बताया। उनका कहना है कि मेडिकल कॉलेज में पानी की उचित व्यवस्था नहीं है। जिसके चलते गर्भवती महिलाओं को तीन मंजिल से नीचे उतरकर पानी लाना पड़ता है। इस दौरान कई महिलाएं दर्द से कराहती नजर आईं। यह स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को उजागर करता है।

ADM के सामने जताया आक्रोश

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय में एडीएम के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके पैर तक पकड़ लिए और गांधीवादी तरीके से अपनी मांगों को रखा। सपा नेताओं ने कहा कि वे जनता की मूलभूत सुविधाओं के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं।

‘हर घर जल’ योजना पर भी सवाल

सपा नगर अध्यक्ष पार ब्रह्म सिंह सरदार ने कहा कि जिले का स्वास्थ्य विभाग बेहद दयनीय स्थिति में है और अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। उन्होंने “हर घर जल” योजना को विफल बताते हुए आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछाने के बावजूद कई इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने योजना में भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक ओर सरकार “नारी शक्ति” की बात करती है। वहीं अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्वास्थ्य और जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदर्शन में शामिल लोग

इस प्रदर्शन में अशोक केवट, शौर्य त्रिपाठी, शिवा यादव, मनीष केडिया, विकास यादव, जुनैद अंसारी, सरोज पासवान सहित कई सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Sonbhadra

Published :  16 April 2026, 4:48 PM IST

Advertisement