कलेजे पर पत्थर रखकर पिता ने कराया बेटी का शांतिपाठ, जानिए पूरा मामला

कासगंज जिस बेटी को पिता ने लाड़-प्यार से पालकर बड़ा किया, उसके घर छोड़कर शादी करने से वह इस कदर आहत हुआ कि उसे मृत समान मानकर शांतिपाठ करा डाला

Updated : 21 October 2026, 5:51 PM IST
google-preferred

Kasganj: कासगंज जिस बेटी को पिता ने लाड़-प्यार से पालकर बड़ा किया, उसके घर छोड़कर शादी करने से वह इस कदर आहत हुआ कि उसे मृत समान मानकर शांतिपाठ करा डाला। बुधवार को सिढ़पुरा के नेहरू नगर स्थित अंबेडकर पार्क के पास दवा व्यवसायी अजयप्रकाश गुप्ता के आवास पर हुए शांतिपाठ की नगर में खूब चर्चा रही। इस दौरान पिता ने लोगों के सामने अपना दर्द बयां किया।

रात में घर से गायब हुई बेटी, बिखरा मिला सामान

अजयप्रकाश गुप्ता की ओर से थाना सिढ़पुरा में दी गई तहरीर के मुताबिक, 11 अक्टूबर की रात वह काम से एटा गए थे। घर पर पत्नी सुधा गुप्ता, बेटा अविनाश और बेटी निकेता मौजूद थे। 12 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे लौटने पर मुख्य गेट खुला मिला। घर का सामान बिखरा था और कुछ नकदी व जेवरात गायब थे। बेटी घर पर नहीं मिली, जबकि पत्नी और बेटा अंदर के कमरे में अचेत अवस्था में पड़े थे।

पिता ने आरोप लगाया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि आर्यन गुप्ता और उसके दो रिश्तेदार बेटी को विटारा ब्रेजा गाड़ी में बैठाकर ले गए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आर्यन करीब एक साल से बेटी से शादी करने के लिए दबाव बना रहा था और धमकियां भी देता था।

बेटी को ले जाने की आशंका जताई, फिर मारपीट का आरोप

अजयप्रकाश के अनुसार, उन्होंने 11 अक्टूबर को कुछ लोगों के सामने आर्यन के परिजनों से बेटी की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई थी। उनका आरोप है कि बेटी के बारे में पूछने पर उन्हें अमांपुर रोड स्थित पार्क के पास बुलाया गया, जहां शम्मी कपूर, मिथुन गुप्ता, अशोक कुमार और अर्जुन गुप्ता मौजूद थे। यहां सवाल करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के समय भतीजे शैलेन्द्र कुमार के साथ होने की बात भी तहरीर में कही गई है।

13 को मुकदमा, 16 अक्टूबर को कोर्ट में बयान

पिता के मुताबिक, उनकी शिकायत पर 13 अक्टूबर को सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को बेटी ने अदालत में बयान दिए और शादी कर ली। बेटी के इस कदम से आहत पिता ने बुधवार को शांतिपाठ कराया। उनका आरोप है कि घटनाक्रम के बाद भी उन्हें धमकियां मिल रही हैं।

दिल्ली में मछुआरा समुदाय का बड़ा प्रदर्शन, SC आरक्षण की मांग पर संजय निषाद ने उठाई आवाज, बोले- ‘संविधान में इनका हक’

एक ओर बेटी ने अदालत में बयान देकर शादी की, वहीं दूसरी ओर पिता ने उसे मृत समान मानकर शांतिपाठ कराया। इस घटनाक्रम की नगर में चर्चा है। हालांकि, मामले में बेटी का पक्ष सामने आना बाकी है।

Location :  Kasganj

Published :  21 October 2026, 5:51 PM IST

Advertisement