MLC चुनाव पर प्रशासन की पैनी नजर! कासगंज में DM-SP की हाई-लेवल ब्रीफिंग, अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं

कासगंज में एमएलसी चुनाव से पहले प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रहेगी, जबकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 21 October 2026, 5:34 PM IST
google-preferred

Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज में MLC चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी प्रणय कुमार और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और चुनाव में बाधा डालने वाले तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।

मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की होगी समीक्षा

ब्रीफिंग में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा गया। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा मानकों के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।

कासगंज में सरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 15 वर्षीय किशोर की मौत, 4 घायल

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

डीएम और एसपी ने अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए। चुनाव के दौरान सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। अधिकारियों के मुताबिक, शांति व्यवस्था बिगाड़ने के उद्देश्य से अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने निष्पक्ष चुनाव को बताया प्राथमिकता

जिलाधिकारी प्रणय कुमार ने कहा कि MLC चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता के साथ करने और किसी भी सूचना पर समय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सुबह 4 बजे बहन कमरे में पहुंची तो निकली चीख! पति के जाने के बाद सदमे में थी मुस्कान, कासगंज में पसरा मातम

पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने की हिदायत

पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने और अराजक व असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखने को कहा। उन्होंने चुनाव ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने की भी हिदायत दी, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों में कोई बाधा न आए।

23 अक्टूबर को प्रस्तावित है मतदान

प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का लक्ष्य 23 अक्टूबर को प्रस्तावित एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। इसके लिए मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Location :  Kasganj

Published :  21 October 2026, 5:34 PM IST

Advertisement