सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा: कार और टेंपो की आमने-सामने टक्कर, दो बच्चों समेत तीन की मौत, 16 घायल

सोनभद्र के रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ के पास कार और टेंपो की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 October 2026, 11:36 AM IST
google-preferred

Sonbhadra: सोनभद्र के रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। नधिरा मोड़ के पास कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल बताए गए हैं। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं।

विजयदशमी का मेला देखने जा रहे थे टेंपो सवार

जानकारी के मुताबिक, टेंपो में सवार लोग धरतीडांड़ से विजयदशमी का मेला देखने के लिए किरबिल जा रहे थे। इसी दौरान रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा जंगल के पास मोड़ पर सामने से आ रही कार से टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर जा रही थी। दोनों वाहनों की टक्कर के बाद टेंपो में बैठे यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई।

सोनभद्र DM चर्चित गौड़ ने खुद उठाया झाड़ू, 45 मिनट में मंदिर परिसर से निकला 1 टन प्लास्टिक कचरा

अस्पताल पहुंचते ही मची अफरातफरी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को बभनी और म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। एक साथ कई घायलों के अस्पताल पहुंचने से वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों का उपचार शुरू किया। म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 12 वर्षीय अंकुश पुत्र रामकुमार, निवासी नधिरा की मौत हो गई। वहीं, बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से म्योरपुर ले जाई गईं 23 वर्षीय राजकुमारी पत्नी उदय, निवासी नधिरा पूर्वी टोला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में चल रहा इलाज

दुर्घटना में घायल लोगों में बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नधिरा टोला निवासी अंजली (35), पत्नी राजेश खरवार समेत कई घायलों को भर्ती कराया गया। वहीं, म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 10 वर्षीय लवकुश, दो वर्षीय छोटी, 28 वर्षीय मंजू, डेढ़ वर्षीय शिवांश, 60 वर्षीय फूलमती, 28 वर्षीय पूजा, सात वर्षीय पूर्णिमा, पांच वर्षीय आकृति, पांच वर्षीय अयांश, सात वर्षीय उषा, 37 वर्षीय हीनकुंवर और 45 वर्षीय पानमति समेत अन्य घायलों का उपचार किया गया।

सोनभद्र में अमृत सरोवर का खौफनाक सच: सुबह निकले मासूम और फिर तालाब किनारे मिली शर्ट ने उजाड़ दिए दो परिवार

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलने के बाद बभनी और म्योरपुर पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में स्थानीय लोगों की मदद ली। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मृतकों के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Sonbhadra

Published :  21 October 2026, 11:36 AM IST

Advertisement