हिंदी
पिटाई का विडियो वायरल होने पर कार्यवाई (img: Dynamite News)
Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। देवा-चिनहट मार्ग स्थित रेत नदी घाट पर पानी से बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं की एक दारोगा द्वारा थप्पड़ों और लातों से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई की गई है। एसपी रवीना त्यागी के निर्देश पर माती थाने में तैनात उपनिरीक्षक बीके शर्मा उर्फ विष्णु शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही, मामले की विभागीय जांच सीओ सिटी संगम कुमार को सौंपी गई है।
जानकारी के मुताबिक, देवा क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद कुछ श्रद्धालु नदी के पानी से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान दारोगा द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। करीब 20 सेकेंड के इस वीडियो में कथित तौर पर दारोगा पानी से बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं को थप्पड़ मारते और लात चलाते दिखाई दे रहे हैं।
कानपुर के दशहरा मेले में जोरदार धमाका! सिलिंडर फटने से बच्ची समेत 4 घायल
बताया जा रहा है कि दारोगा और श्रद्धालुओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद विसर्जन करके लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गई। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे।
वायरल वीडियो के सम्बन्ध में- #barabankipolice #UPPolice https://t.co/MHX4IMdo2K
— Barabanki Police (@Barabankipolice) October 20, 2026
वीडियो वायरल होने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कथित मारपीट का विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने आरोपी दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। इसके बाद एसपी रवीना त्यागी के निर्देश पर उपनिरीक्षक बीके शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया। मामले की जांच सीओ सिटी संगम कुमार को सौंपी गई है। अब जांच में वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Location : barabanki
Published : 21 October 2026, 9:00 AM IST
Topics : Barabanki Durga Visarjan UP News Viral video