हिंदी
हाथरस में हर पिता का सपना होगा पूरा (Source: Dynamite News)
Hathras: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आगामी 21 नवंबर को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक वातावरण में कराया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। सभी लाभार्थियों के अभिलेखों और पात्रता का सत्यापन समय से पूरा कर लिया जाए, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन
डीएम ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में विवाह मंडप, पंडाल, मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, शौचालय, भोजन और जलपान की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, पार्किंग और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। वर-वधू और उनके परिजनों के आगमन, पंजीकरण, बैठने तथा विवाह की रस्मों को संपन्न कराने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडप, भोजन से लेकर सुरक्षा तक की होगी पुख्ता व्यवस्था
उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने तथा नगर निकाय एवं पंचायतीराज विभाग को साफ-सफाई और पेयजल की जिम्मेदारी सौंपी। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी को लाभार्थियों को दी जाने वाली निर्धारित सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने और उसका समय से वितरण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं कार्यक्रम से पहले पूरी हो जानी चाहिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Hathras
Published : 17 November 2026, 3:28 PM IST
Topics : CM Yogi hathras news Mass Marriage Ceremony Mukhyamantri Samuhik Vivah Yojana UP Government Scheme