

रायबरेली में हरियाली तीज महोत्सव में भारत विकास परिषद की किरन मिश्रा तीज क्वीन बनी। पढिये पूरी खबर
किरन मिश्रा बनीं तीज क्वीन
भारत विकास परिषद शाखा रायबरेली द्वारा आयोजित हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ किया गया। कार्यक्रम में शहर की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों, हरी चूड़ियों और मेहंदी से सजे हाथों के साथ सावन के गीतों पर झूमते हुए त्योहार की परंपरा को जीवंत कर दिया।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ एम्स रायबरेली के उप निदेशक की धर्मपत्नी मेजर अंजना सिंह द्वारा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा भारतीय संस्कृति के संरक्षण और सेवा कार्यों की सराहना की। परिषद की प्रथम महिला सीमा श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया।
गणमान्य अतिथि और परिषद पदाधिकारी रहे उपस्थित
महोत्सव में परिषद अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, पूर्व क्षेत्रीय संरक्षक डॉ. आर. बी. श्रीवास्तव, क्षेत्रीय सेवा संयोजक अम्ब्रीश अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष नवल किशोर वाजपेयी, डॉ. चम्पा श्रीवास्तव और डॉ. अमिता खुबेले प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजिका नीतू चतुर्वेदी और महिला संयोजक वाणी पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
तीज क्वीन प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन प्रतियोगिता’ रही। किरन मिश्रा को तीज क्वीन का ताज पहनाया गया, जबकि माधवी बाजपेयी रनरअप रहीं। पूर्व तीज क्वीन विभा श्रीवास्तव और मुख्य अतिथि मेजर अंजना सिंह ने मिलकर विजेताओं को सम्मानित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में पारंपरिक गीत, नृत्य और रैंपवॉक के साथ महिलाओं ने सावन की रिमझिम को रंगीन बना दिया। पूरा माहौल हरियाली के उल्लास से सराबोर रहा।