हिंदी
पति-पत्नी विवाद फिर हत्या उसके बाद आत्महत्या (सोर्स-एक्स)
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पाली थाना क्षेत्र के पुरवा कछेलिया गांव में आपसी शक और कलह ने एक पूरे परिवार को तहस-नहस कर दिया। चरित्र पर शक के चलते एक राजमिस्त्री ने अपनी 50 वर्षीय पत्नी को चाकुओं से गोदने और ईंट से सिर कुचलकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने भी फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई स्तब्ध है।
पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, कछलियनपुरवा निवासी 52 वर्षीय लालपूत राठौर पेशे से राजमिस्त्री था। गांव में उसके तीन मकान हैं, जिनमें से वह अपने परिवार के साथ नए मकान में रहता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले करवा चौथ की रात पूजा का सामान लाने को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोक हुई थी। इस विवाद की चिंगारी अंदर ही अंदर सुलगती रही। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि दोनों पति-पत्नी एक-दूसरे के चरित्र पर गंभीर शक करते थे, जिसके चलते उनके घर में आए दिन कलह और मारपीट होती रहती थी। इसी आपसी अविश्वास और शक ने अंततः इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया।
UP Crime News: मुजफ्फरनगर में दो पक्षों में मारपीट, दुल्हन के ससुराल पहुंचते ही हुआ संघर्ष, कई घायल
शनिवार की शाम करीब 4:30 बजे जब लालपूत काम से घर लौटा, तो एक बार फिर दोनों के बीच पुराना विवाद उभर आया। उस वक्त उसकी पत्नी जनुका देवी बरामदे में चारपाई पर बैठी हुई थी। गुस्से में आगबबूला हुए लालपूत ने घर में रखे चाकू से जनुका की दायीं आंख पर ताबड़तोड़ वार कर उसे बाहर निकाल दिया। इतने से भी जब उसका दरिंदगी भरा गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उसने पत्नी के पेट में चाकू से दो गंभीर वार किए और पास पड़ी ईंट से उसका चेहरा व सिर बुरी तरह कुचल दिया। इस नृशंस हमले में जनुका देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पति ने उसी मकान के पीछे बने एक कमरे में जाकर नायलॉन या रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस खूनी तांडव का खुलासा तब हुआ जब उनका सबसे छोटा, 9 साल का बेटा पुष्पेंद्र खेलकूद के बाद शाम को घर लौटा। उसने बरामदे में अपनी मां का खून से लथपथ शव देखा तो उसकी चीख निकल गई। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर दौड़े। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा, तो पिता लालपूत का शव भी दूसरे कमरे में फंदे से लटका मिला। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
UP Crime News: फतेहपुर में दलित बुजुर्ग की मौत पर हंगामा, परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार
घटना की सूचना मिलते ही सीओ शाहाबाद संतोष सिंह और पाली थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर तमाम अहम साक्ष्य और नमूने जुटाए। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सनी ईंट को भी बरामद कर लिया है।
मृतक दंपती के कुल आठ बच्चे हैं, जिनमें छह लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। इनमें से अधिकांश बच्चे दिल्ली और पानीपत में रहकर मजदूरी व काम करते हैं, जबकि बड़े बेटा अर्जुन (18) और छोटा बेटा पुष्पेंद्र माता-पिता के साथ गांव में ही रहते थे। ग्रामीणों का कहना है कि विवादों से बचने के लिए ही यह परिवार 15 दिन पहले पुराने मकान को छोड़कर गांव के बाहरी हिस्से वाले इस नए मकान में शिफ्ट हुआ था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहनता से मामले की जांच कर रही है।
Location : Hardoi
Published : 1 November 2026, 9:23 AM IST