Hamirpur: हमीरपुर में Gen Alpha का प्रदर्शन, सड़क की मांग को तिरंगे संग कलेक्ट्रेट पहुंचे स्कूली बच्चे; DM Office का घेराव

हमीरपुर में वर्षों से सड़क निर्माण न होने से नाराज स्कूली बच्चों ने तिरंगा हाथ में लेकर 5 किलोमीटर पैदल मार्च किया। बच्चों ने डीएम ऑफिस का घेराव किया। उनका कहना है कि आजादी के बाद से अब तक उनके गांव तक पक्की सड़क नहीं बनी, जिससे बरसात के मौसम में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 11 August 2026, 7:38 PM IST
google-preferred

Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर बच्चों का आक्रोश फूट गया। गांव के लोगों और स्कूली बच्चों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर हाथों में तिरंगा लेकर करीब पांच किलोमीटर तक पैदल मार्च किया और जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। बच्चों ने डीएम ऑफिस का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग उठाई।

आजादी के बाद भी नहीं बनी पक्की सड़क

ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का कहना है कि देश को आजाद हुए कई दशक बीत चुके हैं, लेकिन उनके गांव तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंच सकी है। चंदूपुर मार्ग जिला मुख्यालय से केवल चार किलोमीटर दूर होने के बावजूद सड़क की हालत बेहद खराब है। यह मार्ग एक दर्जन से अधिक गांवों और मजरों को जोड़ता है, लेकिन वर्षों से इसकी मरम्मत या निर्माण नहीं कराया गया।

यह भी पढ़ें: Hamirpur: छुट्टा पशुओं का बढ़ेगा आतंक; गौशाला शिफ्टिंग के खिलाफ एकजुट हुए ग्रामीण

बरसात में कट जाता है गांव का संपर्क

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान मिट्टी की सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाता है, जिससे पूरा रास्ता कीचड़ और जलभराव से भर जाता है। ऐसे में गांव का संपर्क बाहरी क्षेत्रों से लगभग टूट जाता है। लोगों को जरूरी कामों के लिए आने-जाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी

सड़क खराब होने का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। जलभराव और कीचड़ के कारण बच्चे कई दिनों तक स्कूल नहीं जा पाते। वहीं, किसी बीमार या गंभीर मरीज को अस्पताल ले जाना भी चुनौती बन जाता है, क्योंकि खराब रास्ते के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। इससे लोगों की जान तक जोखिम में पड़ जाती है।

यह भी पढ़ें: Hamirpur News: सड़क पर अचानक शुरू हुई मारपीट, महिलाओं ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा 

प्रदर्शन के बाद भी नहीं मिला समाधान

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर वे पहले भी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। हर बार अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ। इस बार भी ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई करने और सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Location :  Hamirpur

Published :  11 August 2026, 2:56 PM IST

Advertisement