हमीरपुर जिला अस्पताल में हंगामा, डॉक्टरों से मारपीट और लूट, ओपीडी बंद कर कोतवाली पहुंचे चिकित्सक

हमीरपुर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीज की मौत के बाद तीमारदारों ने डॉक्टर और स्टाफ पर हमला कर दिया। नर्स का गला ईसीजी तार से दबाने की कोशिश हुई और डॉक्टर से मारपीट कर लूटपाट की गई। घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और ओपीडी बंद करनी पड़ी।

Updated : 19 May 2026, 12:02 PM IST
google-preferred

Hamirpur: जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब सल्फास (सल्फॉस) का सेवन करने वाले 18 वर्षीय युवक की मौत के बाद उसके तीमारदारों ने जमकर उत्पात मचा दिया। आरोप है कि मौत की सूचना मिलते ही परिजन और अन्य लोग उग्र हो गए और उन्होंने अस्पताल स्टाफ पर हमला कर दिया।

ड्यूटी पर तैनात ईएमओ डॉ महेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, थाना बिवार क्षेत्र के अटरार गांव निवासी जितेंद्र सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। इसी दौरान जांच और ईसीजी के दौरान युवक की मौत की पुष्टि हुई।

डॉक्टर और नर्स पर जानलेवा हमला

मौत की पुष्टि होते ही इमरजेंसी वार्ड में हालात बेकाबू हो गए। आरोप है कि करीब 10 से 15 लोगों ने इमरजेंसी में घुसकर डॉक्टर और स्टाफ पर हमला कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स विपिन का ईसीजी मशीन के तार से गला दबाने की कोशिश की गई। इस दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीज व उनके तीमारदार दहशत में आ गए।

Hamirpur Accident: रोडवेज बस की टक्कर से मां की मौत, बेटे की हालत गंभीर, हाईवे पर ठप रहा आवागमन

हमले में डॉक्टरों के साथ मारपीट की गई और बचाव में आए गार्डों व अन्य स्टाफ को भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि हमलावरों ने डॉक्टर की सोने की चेन, अंगूठी और घड़ी भी लूट ली।

इमरजेंसी में तोड़फोड़, अस्पताल में दहशत

घटना के दौरान इमरजेंसी वार्ड में जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे अस्पताल की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए कई मरीज और उनके परिजन भयभीत हो गए। पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ओपीडी बंद, डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन

घटना के विरोध में अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में चिकित्सक और स्टाफ Kotwali Sadar पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। विरोध स्वरूप जिला अस्पताल की ओपीडी सेवाएं बाधित रहीं, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

Hamirpur: परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट, जानिए क्या कर रही पुलिस

पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई का आश्वासन

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में तहरीर प्राप्त कर ली गई है और जांच की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि मरीज की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Location :  Hamirpur

Published :  19 May 2026, 11:41 AM IST

Advertisement