एक निमंत्रण और खत्म हो गई जिंदगी! गोरखपुर युवक हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन

गोरखपुर में ब्रह्मभोज का आयोजन उस वक्त खूनी वारदात में बदल गया, जब पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Gorakhpur: सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में ब्रह्मभोज के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार हथियार भी बरामद किया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

साजिश रच कर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त 2026 को अहिरौली खुर्द गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि अभियुक्तों ने वादी के भाई को ब्रह्मभोज में भोजन करने के लिए बुलाया और इसी दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सिकरीगंज थाने में मु0अ0सं0-217/2026 दर्ज किया गया। मुकदमे में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत कार्रवाई की गई।

गोरखपुर में दिनदहाड़े ठेकेदार की हत्या, पहले मारी गोली फिर धारदार हथियार से हमला; गांव में तनाव

गिरफ्तार आरोपी

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सिकरीगंज के नेतृत्व में थाना पुलिस, एसओसी तथा स्वाट टीम को लगाया गया। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अहिरौली खुर्द निवासी आशुतोष चौधरी पुत्र प्रमोद चौधरी, विन्दनिवास चौधरी पुत्र स्वर्गीय छेदी चौधरी, राहुल चौधरी पुत्र स्वर्गीय छेदी चौधरी और भानू चौधरी पुत्र स्वर्गीय छेदी चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।

Video: कत्ल के बदले कत्ल? गोरखपुर ठेकेदार हत्याकांड में सालभर पुराने विवाद से जुड़ी कड़ी, यहां समझे पूरा मामला

पुलिस का बयान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आशुतोष चौधरी के कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद किया गया है। पुलिस घटना में आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अंजुल कुमार चतुर्वेदी, निरीक्षक नीरज राय एसओसी प्रभारी, उ0नि0 पुरुषोत्तम आनंद सिंह प्रभारी स्वाट, उ0नि0 बैजनाथ बिन्द, उ0नि0 दीपक कुमार, उ0नि0 रामफेरन सहित सिकरीगंज पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 August 2026, 10:24 PM IST

Advertisement