गोरखपुर: विमल कुमार यादव बने दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति, गोलाबाजार में खुशी की लहर

जनपद गोरखपुर के दक्षिणांचल क्षेत्र में स्थित गोला तहसील के ब्लॉक गोला अंतर्गत ग्रामसभा गाजेगडहा के गजबरी (चवरिया) निवासी विमल कुमार यादव के दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति नियुक्त होने की खबर से क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है। विमल कुमार यादव, जो समाजसेवी और लेखक आर.बी. यादव के बड़े पुत्र हैं, ने अपनी मेहनत और लगन से इस प्रतिष्ठित पद को हासिल किया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 August 2025, 8:33 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: जनपद गोरखपुर के दक्षिणांचल क्षेत्र में स्थित गोला तहसील के ब्लॉक गोला अंतर्गत ग्रामसभा गाजेगडहा के गजबरी (चवरिया) निवासी विमल कुमार यादव के दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति नियुक्त होने की खबर से क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है। विमल कुमार यादव, जो समाजसेवी और लेखक आर.बी. यादव के बड़े पुत्र हैं, ने अपनी मेहनत और लगन से इस प्रतिष्ठित पद को हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जनपद के लोगों को गर्व का अनुभव कराया है।

विमल कुमार यादव का सफर प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने 1992 में दिल्ली न्यायिक सेवा में प्रवेश किया और 2003 में दिल्ली उच्चतर न्यायिक सेवा के सदस्य बने। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं, जिनमें 2008 से 2010 तक सुप्रीम कोर्ट में अतिरिक्त रजिस्ट्रार और राउज एवेन्यू कोर्ट में सीबीआई जज के रूप में सेवा शामिल है।

इस वर्ष जनवरी में 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर वे पटियाला हाउस कोर्ट के प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 जुलाई 2025 को उनकी नियुक्ति की सिफारिश की, और केंद्र सरकार ने 8 अगस्त को इसकी अधिसूचना जारी की। 11 अगस्त को दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने उन्हें हिंदी में शपथ दिलाई, जिसके बाद कोर्ट में जजों की संख्या 44 हो गई।

विमल के पिता आर.बी. यादव दिल्ली उच्च न्यायालय से सुपरीटेंडेंट के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और वर्तमान में अपने गांव में एक कन्या विद्यालय संचालित करते हैं, जहां गरीब और असहाय बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाती है। उनके तीन पुत्रों में विमल सबसे बड़े हैं, जबकि दूसरा पुत्र गाजियाबाद में वकील और तीसरा ऑस्ट्रेलिया में एक कंपनी में मैनेजर है।

विमल कुमार यादव की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है। विधायक राजेश त्रिपाठी, पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, डॉ. अनिल कुमार तिवारी, डॉ. फूल चंद्र तिवारी, अस्मिता चंद, रणविजय चंद, देवेंद्र प्रताप चंद, पूर्व कृष五大0अपर अधिकारी रामआधार यादव, रत्नेश यादव, सरोज रंजन शुक्ला, हरिकेश यादव, प्राचार्य चंद्रभान मिश्र, और प्रबंधक अरुण कुमार श्रीवास्तव सहित कई लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि गोरखपुर के लिए भी गर्व का विषय है। विमल की सफलता ने साबित कर दिया है कि मेहनत और समर्पण से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित किया है और सामाजिक कार्यों में उनके परिवार के योगदान को और मजबूत किया है।

Location :