गोरखपुर : शिक्षकों ने डीएम कार्यालय पर किया धरना-प्रदर्शन, TET लागू करने व गैर-शैक्षणिक कार्यों का किया विरोध

अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने डीएम कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। पढिए पूरी खबर

गोरखपुर: अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने डीएम कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। शिक्षकों ने 2010 से पहले नियुक्त अध्यापकों पर TET लागू करने और उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों में जबरन लगाए जाने का कड़ा विरोध किया। इस मौके पर शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।

 क्या है पूरी खबर

जानकारी के मुताबिक,  कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण दूबे ने कहा कि सरकार शिक्षकों पर पीछे के दरवाजे से भूतलक्षी कानून थोपने का प्रयास कर रही है। सेवानिवृत्ति की ओर बढ़ रहे शिक्षकों पर इस प्रकार का मानसिक उत्पीड़न अस्वीकार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 2010 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर TET अध्यादेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

चोरी-छिपे शिक्षकों की सेवा शर्तों में बदलाव

मंडलीय मंत्री नृपेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी अन्य सेवा में 20 वर्ष बाद सेवा शर्तों में बदलाव नहीं किया जाता, फिर शिक्षकों पर ही यह दोहरा मापदंड क्यों? यह तानाशाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होगी। वहीं जिला मंत्री सुनील सिंह ने कहा कि 2017 में चोरी-छिपे शिक्षकों की सेवा शर्तों में बदलाव किया गया। क्या डॉक्टर, इंजीनियर या IAS अधिकारी पुनः वैधता परीक्षा देते हैं? यह कदम न्यायसंगत नहीं है।

राष्ट्रीय टीम की कार्यशैली व उपलब्धियों पर भी प्रकाश

वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि संघ ने हमेशा शिक्षकों की लड़ाई लड़ी है और आगे भी जारी रखेगा। उन्होंने संघ की राष्ट्रीय टीम की कार्यशैली व उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन ज्ञान प्रकाश राय ने किया।सभा को संबोधित करने वालों में अनिल गुप्ता (जिला कोषाध्यक्ष), बैजनाथ गोंड, ओमप्रकाश गोंड, विवेकानंद सिंह, उमेश पांडे (जिला ऑडिटर) सहित कई पदाधिकारियों ने शिक्षकों को एकजुट रहने का आह्वान किया।

DN Exclusive: अंतरिक्ष यात्री बनने का सपना देखने वाले युवाओं को लेकर जानिये क्या बोले एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला?

इस दौरान सुनील दुबे (जिलाध्यक्ष अटेवा), आकांक्षा सिंह (जिलाध्यक्ष, महिला प्राथमिक शिक्षक संघ), राघव पांडेय (ब्लॉक अध्यक्ष, खोराबार), जगदम्बिका मणि (संयोजक, पिपराइच), दीपक पांडेय (ब्लॉक अध्यक्ष, उरुवा), विजय बहादुर (ब्लॉक अध्यक्ष, बेलघाट) समेत सैकड़ों शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

शिक्षकों ने केंद्र सरकार व NCTE पर दबाव बनाने की रणनीति पर जोर दिया और कहा कि जब तक यह भूतलक्षी अध्यादेश वापस नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। गोरखपुर में हुए इस धरना-प्रदर्शन ने साफ कर दिया कि प्राथमिक शिक्षक संघ सरकार के किसी भी दबाव के आगे झुकने को तैयार नहीं है और अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ने को संकल्पित है।

Location :