हिंदी
सफाई के अभाव में जाम हुआ नाला,
Gorakhpur: दक्षिणांचल के सिकरीगंज कस्बे के कोहरौटिया गांव में नालों की समय पर सफाई न होने से रविवार को हालात बिगड़ गए। बारिश का पानी गांव में भर जाने से परेशान ग्रामीण सड़क पर उतर आए और सिकरीगंज-गोरखपुर मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। ग्रामीणों के सड़क पर उतरने से कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों का आरोप था कि कई दिनों से नाला पूरी तरह जाम पड़ा था। इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण गांव की गलियों और घरों के आसपास पानी भर गया, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया। जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा था।
गोरखपुर में बॉयफ्रेंड के साथ जेवर-नकदी लेकर विवाहिता फरार, पति थाने पहुंचाकर बोला- मेरी पत्नी…
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। पुलिस के प्रयास के बाद मौके पर जेसीबी मशीन मंगाई गई और जाम पड़े नाले की सफाई शुरू कराई गई।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद नाले में जमा गाद और कचरा हटाया गया, जिससे पानी का बहाव सुचारु हो गया। नाला साफ होते ही गांव में जमा बारिश का पानी तेजी से निकलने लगा। जलभराव कम होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और पुलिस व प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। इसके बाद सड़क पर आवागमन भी सामान्य हो गया और वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से शुरू हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में हर साल यही समस्या उत्पन्न होती है। नालों की नियमित सफाई नहीं होने से हल्की बारिश में भी गांव जलमग्न हो जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बरसात शुरू होने से पहले सभी नालों की नियमित सफाई कराई जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई कराई जाती तो सड़क पर उतरने की नौबत ही नहीं आती।
Location : Gorakhpur
Published : 13 July 2026, 5:23 AM IST