हिंदी
गिरफ्तार आरोपी
Gorakhpur : साइबर अपराधियों के बढ़ते नेटवर्क के बीच गोरखपुर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और दक्षता का परिचय देते हुए साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के पूरे एक लाख रुपये वापस दिलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना शाहपुर की साइबर हेल्प डेस्क टीम की सक्रिय कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली और पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष शाहपुर के नेतृत्व में साइबर टीम ने यह सराहनीय कार्य किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 मार्च को साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर एक लाख रुपये उड़ा लिए थे। घटना के बाद पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई, जिस पर शाहपुर पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू कर दी।
साइबर टीम ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित खातों को तत्काल ट्रेस कराया और धनराशि को होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद विभिन्न बैंकों और संबंधित एजेंसियों से लगातार समन्वय स्थापित किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग प्रक्रिया के आधार पर की गई सतत कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि ठगी गई पूरी धनराशि सुरक्षित रूप से वापस प्राप्त कर ली गई।
गोरखपुर में चिलुआताल का कायाकल्प, क्या अब बदल जाएगा पूरा पर्यटन नक्शा, जानिए पूरी कहानी
सोमवार को नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित के खाते में पूरे एक लाख रुपये वापस स्थानांतरित कर दिए गए। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने शाहपुर पुलिस और साइबर टीम का आभार व्यक्त किया।
इस सफलता में उपनिरीक्षक संजीव यादव, महिला उपनिरीक्षक हर्षिता सिंह, कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए कुन्दन कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल यश पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है और लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक या डिजिटल भुगतान से जुड़ी धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
Location : Gorakhpur
Published : 1 June 2026, 7:13 PM IST
Topics : Gorakhpur News Gorakhpur Police UP News