Gorakhpur News: गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र में गो-तस्करी के एक पुराने मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी राज करन नय्यर के विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई। पकड़े गए रामलखन और आशुतोष पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।

Gorakhpur: जिले में अपराधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खोराबार पुलिस ने गो-तस्करी के एक अहम मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।  यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राज करन नय्यर के निर्देश और पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन में की गई। क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष खोराबार के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को यह गिरफ्तारी की।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामलखन पुत्र स्व. अर्जुन (निवासी कठउर, थाना रामगढ़ ताल, गोरखपुर) और आशुतोष पुत्र रामदयाल (निवासी भीटी खोरीया, थाना खजनी, गोरखपुर) के रूप में हुई है।

पिकअप वाहन से गोवंश बरामद

दरअसल, 27 जून 2025 को खोराबार थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से गोवंश बरामद किया गया था। इस संबंध में मुकदमा संख्या 443/2025 दर्ज किया गया था, जिसमें धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता अधिनियम और 3(5), 111 बी.एन.एस. शामिल थीं। तब से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी निगरानी के जरिए खोराबार पुलिस ने दोनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।

यूपी STF की नोएडा में बड़ी कामयाबी: 14 मुन्ना भाई दबोचे, SSC एग्जाम में कर रहे थे काला धंधा

आरोपी का आपराधिक इतिहास

रामलखन का आपराधिक इतिहास लंबा और गंभीर है। उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास (धारा 307), चोरी, धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। इसके अलावा, वह पहले भी गोवध और पशु क्रूरता के मामलों में शामिल रहा है। वहीं, आशुतोष के खिलाफ वर्तमान गो-तस्करी का मुकदमा दर्ज है।

Firing in Raebareli: रायबरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घायल बदमाश नाहर नट की गिरफ्तारी ने बढ़ाई चुनौतियां

पुलिस की इस टीम ने की कार्रवाई

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविशंकर तिवारी, उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, कांस्टेबल ओमप्रकाश वर्मा और कांस्टेबल पिंटू चौहान शामिल थे। एसएसपी गोरखपुर ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। गो-तस्करी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच दहशत फैलने की संभावना है।

Location :