हिंदी
गोला बाजार में बड़ा हाथ साफ
Gorakhpur: जिले के गोला कस्बे के वार्ड संख्या-6 स्थित चंद चौराहा मोहल्ले में शुक्रवार की रात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए छत पर लगे लोहे के फाटक को तोड़कर घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये के जेवर तथा नकदी चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई, जब पड़ोस में रहने वाले परिजनों ने छत पर लगा फाटक टूटा देखा। सूचना मिलने पर गोला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित परिवार के अनुसार मकान मालिक राजकुमार कसौधन 20 जुलाई को अपने पूरे परिवार के साथ घर बंद कर बाहर गए हुए थे। उनके भाई विनोद कुमार कसौधन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सुबह पड़ोस की महिलाओं ने छत का फाटक टूटा देखा।
जब घर की जांच की गई तो अंदर सामान बिखरा मिला और चोरी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही घटना की जानकारी राजकुमार कसौधन को भी दी गई।
मोबाइल फोन पर बातचीत में राजकुमार कसौधन ने बताया कि वह परिवार के साथ खाटू श्याम दर्शन के लिए गए हुए हैं। सूचना मिलने के बाद उनकी गोरखपुर में रहकर पढ़ाई कर रही दोनों बेटियां घर पहुंचीं और सामान की जांच की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर घर और किराना दुकान के गल्ले में रखे ₹1 लाख 32 हजार नकद, 10-10 ग्राम की दो सोने की चेन, करीब ढाई-ढाई ग्राम की तीन सोने की अंगूठियां तथा दो चांदी की पायल चोरी कर ले गए हैं।
राजकुमार कसौधन ने बताया कि चोरी हुए सोने के जेवर उन्होंने अपनी बेटियों की शादी के लिए बनवाए थे। घटना से पूरा परिवार सदमे में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और रात्रि गश्त बढ़ाने की आवश्यकता है।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Gorakhpur
Published : 26 July 2026, 1:13 AM IST