हिंदी
हुड़दंगबाजी करना पड़ा भारी (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल नौका विहार पर देर रात बीच सड़क पर हंगामा करना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। सार्वजनिक स्थान पर उपद्रवपूर्ण व्यवहार, शोर-शराबा और राहगीरों से विवाद करने के आरोप में रामगढ़ताल पुलिस ने आठ युवकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें बीएनएसएस की धाराओं 126, 135 और 170 के तहत पाबंद किया है। साथ ही मौके पर खड़ी दो चारपहिया वाहनों को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार 24 जून की रात नौका विहार क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नौकायन विहार फ्लोट के पास कुछ युवक अपनी गाड़ियां बीच सड़क पर खड़ी कर हो-हल्ला और शोर-शराबा कर रहे थे। आरोप है कि युवक आने-जाने वाले लोगों से बहस और विवाद भी कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
सूचना मिलते ही रामगढ़ताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद कर दिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद दो चारपहिया वाहनों को भी सीज कर दिया।
गिरफ्तार एवं पाबंद किए गए युवकों में राहुल कन्नौजिया और विपिन कन्नौजिया निवासी बांसगांव, आदित्य शर्मा एवं यश सिंह निवासी कुशीनगर, सोनू गौतम निवासी देवरिया, सचिन, विवेक शर्मा तथा प्रमोद यादव शामिल हैं। ये सभी विभिन्न जनपदों से गोरखपुर आए हुए थे।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ताल के नेतृत्व में की गई। अभियान का संचालन उपनिरीक्षक रवि प्रकाश यादव और उपनिरीक्षक हरिओम सिंह ने पुलिस टीम के साथ किया। टीम में कई कांस्टेबल और आरक्षी भी शामिल रहे।
रामगढ़ताल पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने, सड़क जाम करने अथवा आमजन को परेशान करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की उपद्रवी गतिविधि से दूर रहें, ताकि कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा प्रभावित न हो।
Location : Gorakhpur
Published : 26 June 2026, 12:28 AM IST