

आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन एवं विजयादशमी पर्व को देखते हुए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार को नगर निगम की पूरी टीम के साथ राप्ती नदी किनारे बनाए गए कृत्रिम घाटों और मुख्यमंत्री के शोभायात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। पढिए पूरी खबर
विसर्जन घाट और शोभायात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण
गोरखपुर: आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन एवं विजयादशमी पर्व को देखते हुए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार को नगर निगम की पूरी टीम के साथ राप्ती नदी किनारे बनाए गए कृत्रिम घाटों और मुख्यमंत्री के शोभायात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, सफाई और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर ही आवश्यक सुधारात्मक निर्देश जारी किए।
पंप सेट लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था
रात में हुई भारी बारिश के चलते एकला बंधा से कृत्रिम घाट तक पानी भर गया था। नगर निगम द्वारा पंप सेट लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की गई। इस पर संतोष जताते हुए नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता अशोक भाटी को घाट क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अतिरिक्त मिट्टी, राबिश और बालू डलवाने के निर्देश दिए, ताकि कीचड़ न फैले और श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
Young India Country Awards 2025: समाज में बदलाव लाने वाले युवा नायकों के नाम राष्ट्रीय सम्मान
ड्रेस में रहकर नियमित सफाई करने के निर्देश
साथ ही, घाट पर तैनात सभी सफाई कर्मियों को नगर निगम की ड्रेस में रहकर नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए। घाटों पर लगे लाइटों को समय पर जलाने और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने साफ कहा कि अंधेरे या गंदगी जैसी समस्या किसी भी हाल में नहीं होनी चाहिए।
आवारा पशुओं को तत्काल हटाने के निर्देश
निरीक्षण का दूसरा चरण मुख्यमंत्री के शोभायात्रा मार्ग पर केंद्रित रहा। नगर आयुक्त ने स्वयं पैदल भ्रमण कर स्थिति देखी और अधिकारियों को फ्लावर गन लगाने, नालियों पर स्लैब रखने तथा गलियों से आवारा पशुओं को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा का मार्ग स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक होना चाहिए, ताकि गोरखपुर की संस्कृति और सौंदर्य की झलक प्रदेश और देश भर से आने वाले दर्शकों तक पहुंचे।
कलयुगी मां-बाप ने पार की हैवानियत की हदें, वजह जानकर आप भी कहेंगे- भगवान ऐसे लोगों को औलाद न दें
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, निरंकार सिंह, मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अधिशासी अभियंता एवं संबंधित जोनल अधिकारी समेत नगर निगम की पूरी टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का लक्ष्य पर्व को पूरी भव्यता और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण मिले। दशहरा और विसर्जन महोत्सव गोरखपुर की आस्था और संस्कृति का प्रतीक हैं, जिन्हें और भव्य स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा।”