हिंदी
जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चेन चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत की दो सोने की चेन भी बरामद की हैं। पढिए पूरी खबर
पीपीगंज पुलिस का बड़ा खुलासा
Gorakhpur : जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चेन चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत की दो सोने की चेन भी बरामद की हैं। इस कार्रवाई को स्थानीय पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ कौस्तुभ निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पीपीगंज पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने थाना पीपीगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 0094/2026 एवं 0095/2026 से संबंधित आरोपी रेखा उर्फ रूबी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं के गले से सोने की चेन और लॉकेट चोरी कर लिए गए थे। पहली घटना में वादी की पत्नी और दूसरी घटना में वादी की माता को निशाना बनाया गया था। दोनों मामलों में पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की थी।
सोने की चेन बरामद
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपी महिला को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई दो सोने की चेन बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी रेखा उर्फ रूबी, पत्नी बब्लू, संतकबीर नगर जनपद के दुधारा थाना क्षेत्र के जाटेडिहा दुबौलिया की निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले भी गोरखपुर और कुशीनगर जनपद में चोरी और लूट जैसी वारदातों में संलिप्त रही है।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक सौरभ कुमार यादव, उपनिरीक्षक मनीष राज, कांस्टेबल विरेन्द्र सरोज, महिला कांस्टेबल अनीषा यादव और कविता कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क तथा अन्य संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। क्षेत्र में इस गिरफ्तारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।