हिंदी
लिंक एक्सप्रेस-वे पर DCM हादसा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के खजनी क्षेत्र में रविवार तड़के लिंक एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए हरनहीं अंडरपास के नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दहशत में घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक डीसीएम में सवार चालक और खलासी की मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, कानपुर के फतेहपुर क्षेत्र से आ रही डीसीएम (यूपी-78 जेएन 4790) रविवार सुबह करीब 4:30 बजे खजनी तहसील के समीप हरनहीं अंडरपास के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार वाहन पहले डिवाइडर से टकराया, फिर उसे तोड़ते हुए अंडरपास के नीचे जा गिरा। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डीसीएम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग बुरी तरह फंस गए।
सूचना मिलते ही हरनहीं चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद डीसीएम में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि डीसीएम पर कानपुर जिले का पंजीकरण नंबर अंकित है और उसमें फॉर्च्यून कंपनी का माल लदा हुआ था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तड़के लंबी दूरी तय करने के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
हरनहीं चौकी प्रभारी एसआई राजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की उम्र लगभग 45 से 46 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। फिलहाल दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। संबंधित थाने को सूचना भेज दी गई है और परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद कुछ समय तक लिंक एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त डीसीएम को हटाने और यातायात को सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी के वाहन चालकों में थकान और नींद के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।
Location : Gorakhpur
Published : 2 August 2026, 2:45 PM IST