Gorakhpur: ICU में मंत्रोच्चार और सिंदूर से हुई अनोखी शादी, परिवार और स्टाफ भी हुए भावुक

गोरखपुर से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक युवती की परीक्षा के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसी दिन उसकी शादी भी थी। ऐसे में दूल्हे ने अस्पताल में ही शादी की, सिंदूर भरकर जीवनसंगिनी बनाया। यह दृश्य परिवार, डॉक्टर और स्टाफ सभी को भावुक कर दिया।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दिल को छू लेने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर का ध्यान खींच लिया है। यहां एक जोड़े ने प्यार, भरोसे और समर्पण का ऐसा उदाहरण पेश किया कि हर कोई भावुक हो गया।

परीक्षा और शादी एक ही दिन

यह दिन पूजा यादव के लिए बेहद खास था। इस दिन उनका विवाह होने वाला था, लेकिन इसी दिन उनकी एलएलबी की परीक्षा भी निर्धारित थी। जिम्मेदारी और समर्पण का ऐसा जज्बा कि पूजा ने पहले परीक्षा देने का फैसला किया। उन्होंने पूरे मन से परीक्षा दी और घर लौट रही थीं।

Gorakhpur: 16 मई को मिलेगी बड़ी सौगात, बदल जाएगी पूरे पूर्वांचल की तस्वीर; खेल प्रेमियों में खुशी की लहर

रास्ते में बिगड़ी तबीयत

हालांकि किस्मत ने कुछ और ही सोचा था। परीक्षा देने के बाद रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह सड़क पर ही गिर पड़ीं। तुरंत परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें ICU में भर्ती कर लिया।

दूल्हे ने दिखाई अपनी सच्ची निष्ठा

घर में शादी की खुशियां पलभर में चिंता में बदल गई। रिश्तेदार और परिवारजन परेशान थे और किसी को विश्वास नहीं हो रहा था कि शादी हो पाएगी। इसी बीच, दूल्हा सन्नी यादव बारात लेकर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पूजा की हालत के बावजूद यह फैसला किया कि प्यार केवल खुशियों में नहीं, मुश्किल समय में भी निभाया जाता है।

आईसीयू में हुई शादी

परिवार की सहमति मिलने के बाद, रात करीब एक बजे अस्पताल के ICU में ही शादी का आयोजन किया गया। मशीनों की आवाज और दवाइयों की महक के बीच पंडित जी ने मंत्रोच्चार शुरू किया। भावुक माहौल में सन्नी यादव ने पूजा की मांग में सिंदूर भरकर उन्हें अपनी जीवनसंगिनी बना लिया।

UP Road Accident: Gorakhpur में बड़ा हादसा! विधायक Rajesh Tripathi के एस्कॉर्ट वाहन की रोडवेज बस से टक्कर

अस्पताल स्टाफ और परिजन भी हुए भावुक

आईसीयू में हुई इस अनोखी शादी को देखकर अस्पताल के डॉक्टर, स्टाफ और परिजन भी भावुक हो उठे। हर किसी की जुबान पर बस यही बात थी कि सच्चा प्यार और साथ निभाने का वादा यही होता है।आज यह शादी पूरे इलाके में प्रेम, समर्पण और अटूट विश्वास की मिसाल बन गई है। लोग सन्नी यादव के फैसले की सराहना कर रहे हैं और नवदंपति के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना कर रहे हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 May 2026, 3:35 PM IST

Advertisement