एक नंबर प्लेट, दो डीसीएम और माल में हेराफेरी का खेल! गोरखपुर में गिरोह का पर्दाफाश

गोरखपुर के चिलुआताल में पुलिस ने एक ही नंबर प्लेट से दो डीसीएम चलाकर माल की तौल में हेराफेरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो डीसीएम और चार अतिरिक्त नंबर प्लेट बरामद की हैं।

Gorakhpur: उत्तरप्रदेश के गोरखपुर जिले की चिलुआताल पुलिस ने ट्रकों की नंबर प्लेट बदलकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक ही नंबर प्लेट लगी दो डीसीएम ट्रक और चार अन्य नंबर प्लेट बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर एक ही नंबर वाली दो डीसीएम का इस्तेमाल कर माल की तौल में हेराफेरी करते थे और बाद में माल का एक हिस्सा बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इजराईल पुत्र लैस मोहम्मद, निवासी बढ़नी, थाना डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर और अब्दुल सउद पुत्र अब्दुल समद, निवासी सादुल्लापुर, थाना डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें: गोरखपुर में युवक पर हमला, फरार होने की फिराक में थे आरोपी; पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस की पूछताछ और घटना के विवरण के मुताबिक गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद शातिराना थी। एक डीसीएम ट्रक में माल लोड किया जाता था, जबकि उसी नंबर प्लेट वाली दूसरी डीसीएम में लोहे की चादर लगाकर उसे धर्मकांटा पर वजन कराने के लिए ले जाया जाता था। इस तरह माल से लदे ट्रक के बजाय दूसरी गाड़ी का वजन कराकर तौल में अंतर पैदा किया जाता था। इसके बाद बचा हुआ माल कथित तौर पर बेच दिया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

धोखाधड़ी के अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष चिलुआताल के नेतृत्व में की गई। उपनिरीक्षक ज्ञान चंद्र पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

ये भी पढ़ें: 34 लाख रुपये लेने के बाद भी नहीं मिला जमीन पर कब्जा, इंसाफ की गुहार लगाने थाने पहुंचा पीड़ित

मामले में थाना चिलुआताल में मु0अ0सं0 781/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 341(2) और 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद दोनों डीसीएम और चार नंबर प्लेट को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक रविराजन कुमार, आलोक कुमार चौबे तथा कांस्टेबल मनोज कुमार-1, निशान्त जायसवाल, रोहित कुमार यादव, दीपक चौहान, आफताब शेख, अभय यादव और व्यास यादव शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 October 2026, 7:33 PM IST

Advertisement