गोरखपुर: चोरी-छिनैती गैंग पर पुलिस का शिकंजा, दो शातिर अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई

गोरखपुर में संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजघाट पुलिस ने चोरी और छिनैती की घटनाओं में शामिल एक गिरोह के दो सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Gorakhpur: गोरखपुर जिले में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत राजघाट पुलिस ने एक सक्रिय अपराधी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। चोरी और छिनैती जैसी वारदातों में शामिल दो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

दो आरोपियों पर दर्ज हुआ गैंगस्टर एक्ट

पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में राजघाट थाना पुलिस ने गिरोह के सरगना आदित्य चौहान और उसके साथी मुख्तार अली खान उर्फ नंदू के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (गैंगस्टर ACT) के तहत थाना राजघाट में मुकदमा संख्या 114/2026 दर्ज किया गया है।

 कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे आरोपी

पुलिस के अनुसार आदित्य चौहान लंबे समय से चोरी, छिनैती और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कैंट, गुलरिहा, राजघाट, शाहपुर और रामगढ़ताल थानों में लूट के प्रयास, चोरी, NDPS ACT, SC/CT ACT समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मुख्तार अली खान उर्फ नंदू के खिलाफ भी राजघाट और रामगढ़ताल थानों में चोरी तथा अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में दोनों की आपराधिक गतिविधियों का लंबा इतिहास दर्ज है।

जनता में था भय का माहौल

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी संगठित तरीके से अपराधों को अंजाम देते थे, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति के बाद गैंग चार्ट तैयार किया गया और फिर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

राजघाट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य न केवल अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करना है, बल्कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना भी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  18 June 2026, 6:10 PM IST

Advertisement