हिंदी
गोरखपुर में रहस्यमयी हालात में युवक की मौत
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक बड़ी और दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। गगहा थाना क्षेत्र के राऊतपार गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव टॉयलेट की छत के ऊपर यानी टीन शेड के ऊपर नग्न अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गगहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र यादव की आटा चक्की के पीछे बने शौचालय के ऊपर यह शव पड़ा मिला। राजेंद्र यादव ने सुबह शौचालय जाते समय टीनशेड पर शव देखा और अपने बेटे रामप्रताप यादव उर्फ साहब को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रामप्रताप ने सुबह करीब सवा छह बजे डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचित किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक का शव पूरी तरह नग्न अवस्था में था। उसके हाथ में कंडोम का एक पैकेट भी मिला है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग घटना को लेकर हैरान हैं।
गोरखपुर के ग्रामीण अंचलों में चैत्र नवरात्र की धूम, मंदिरों से बाजार तक दिखी आस्था की रौनक
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश पुरी, क्षेत्राधिकारी बांसगांव अनुज सिंह और प्रभारी निरीक्षक अंजुल चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य तलाशने में जुटी हुई है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल से करीब 25 मीटर दूर एक गूलर के पेड़ पर एक जींस पैंट और टी-शर्ट भी लटकी हुई मिली है। पुलिस का अनुमान है कि ये कपड़े मृतक युवक के हो सकते हैं। इससे यह शक और गहरा हो गया है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत कैसे हुई और उसका शव टीनशेड पर कैसे पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 19 March 2026, 11:15 AM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Mystery Death UP Police