हिंदी
Gorakhpur: गीडा थाना क्षेत्र के बनगांवा गांव में चचेरे भाई की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को गीडा थाना क्षेत्र के बनगांवा गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि विनय प्रताप ने अपने चचेरे भाई को घर से बुलाया और पहले से मौजूद अपने तीन साथियों पवन राजभर, मंदीप राजभर और दुर्गेश राजभर के साथ मिलकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर गीडा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।
प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश और पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
UP Crime: महराजगंज में बोतल में पेट्रोल नहीं मिला तो कर दिया ये कांड, मचा बवाल
हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान विनय प्रताप निवासी बनगांवा, पवन राजभर निवासी भरपुरवा भीटीरावत, मंदीप राजभर निवासी भरपुरवा भीटीरावत तथा दुर्गेश राजभर निवासी भरपुरवा भीटी रावत के रूप में हुई है। चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। इस हत्याकांड की चर्चा पूरे इलाके में बनी हुई है।
Location : Gorakhpur
Published : 15 June 2026, 6:15 PM IST