हिंदी
गोरखपुर से हैरान करने वाली खबर सामने आई। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में गैर-इरादतन हत्या के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब सात महीने पहले हुई मारपीट की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
लाठी-डंडों से की पिटाई Image: Dynamite News
Gorakhpur News: गोरखपुर में रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में गैर-इरादतन हत्या के एक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब सात महीने पहले हुई मारपीट की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरी घटना?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रामगढ़ताल की टीम ने आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी उ0नि0 रजनीश द्विवेदी और उनकी टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज पुत्र सुरेन्द्र निवासी सेमरा देवी परसा, थाना रामगढ़ताल के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना स्थानीय पर दर्ज मुकदमा संख्या 623/2025 के तहत गैर-इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
लाठी-डंडों से हमला
घटना 19 सितंबर 2025 की है, जब किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपी पंकज ने वादी के साले पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी रही।
लगातार दो दिन तक इलाज चलने के बाद 21 सितंबर 2025 को घायल युवक ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया और पुलिस ने तहरीर के आधार पर गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पहले से भी रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पंकज का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2019 में थाना खोराबार में दर्ज एक मामले में भी वह आरोपी रह चुका है। इसके अलावा 2022 और 2026 में भी उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हुए हैं, जिनमें एससी/एसटी एक्ट से जुड़े आरोप भी शामिल हैं।
पुलिस की सख्ती जारी
रामगढ़ताल पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।इस कार्रवाई से यह साफ संकेत गया है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे घटना को कितना भी समय क्यों न बीत गया हो।