कुशीनगर में सांसद विजय दुबे की पहल: हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने पर जोर, बोले- कोई शिक्षा से नहीं रहेगा वंचित

कुशीनगर में स्कूल चलो अभियान 2026-27 की शुरुआत उत्साह और सकारात्मक माहौल के बीच हुई। विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 April 2026, 7:43 PM IST
google-preferred

Kushinagar: शनिवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक अच्छी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। जब स्कूल चलो अभियान 2026-27 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी के कंपोजिट विद्यालय शिवपुर से इस अभियान की शुरुआत की गई। जिसका सजीव प्रसारण कुशीनगर के विकास भवन सभागार में हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। पूरे कार्यक्रम का माहौल सकारात्मक, प्रेरक और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने वाला रहा।

दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ शुभारंभ

सजीव प्रसारण कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे और विधायक विनय प्रकाश गोंड की मौजूदगी में हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के महत्व और हर बच्चे तक स्कूल की पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

‘कोई बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा’

इस मौके पर सांसद विजय कुमार दुबे ने उपस्थित लोगों को यह संकल्प दिलाया कि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को मजबूत बनाने का मिशन है। इस अभियान का मकसद उन बच्चों को भी स्कूल से जोड़ना है, जो किसी कारणवश अब तक शिक्षा की मुख्यधारा से दूर हैं।

इंटरनेशनल बौद्ध कॉन्क्लेव के बाद कुशीनगर बना वैश्विक बौद्ध पर्यटन का केंद्र, अब आएगा 3 हजार करोड़ रुपये का निवेश!

बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को और भी जीवंत बना दिया। बच्चों की प्रतिभा ने उपस्थित लोगों का ध्यान खींचा और आयोजन को यादगार बना दिया। इस दौरान सांसद और अधिकारियों ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं। साथ ही पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

जागरूकता रैली को दिखाई गई हरी झंडी

कार्यक्रम के अंत में स्कूल चलो अभियान 2026-27 के तहत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रैली का मकसद लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना और हर बच्चे को स्कूल भेजने का संदेश देना था। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री वंदिता श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य, जिला माध्यमिक शिक्षा विभाग से श्रवण कुमार गुप्ता सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Location : 
  • Kushinagar

Published : 
  • 4 April 2026, 7:43 PM IST

Advertisement