हिंदी
नौका विहार रोड पर भयानक हादसा
Gorakhpur: नौका विहार से कुड़ाघाट की ओर जा रहे दो युवकों की बाइक चंपा देवी पार्क के पास अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई जिससे दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सदर हॉस्पिटल गोरखपुर भेजवाया गया। दुर्भाग्यवश एक युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा घायल फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर दूर तक घिसटते हुए जा गिरे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को वाहन संख्या UP53 CF 0328 से दो युवक नौका विहार से कुड़ाघाट की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे चंपा देवी पार्क के समीप पहुंचे, बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार के कारण डिवाइडर में जोरदार टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक राहुल पाण्डेय निवासी सिघासन पुर, पोस्ट कुड़ाघाट, थाना एम्स, उम्र करीब 34 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरा युवक राजकुमार निषाद, पुत्र सोनेलाल, उम्र लगभग 26 वर्ष, हादसे में हल्की चोटों से घायल हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। राजकुमार ने बताया कि वे दोनों किसी काम से नौका विहार गए थे और वापस लौटते समय अचानक बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतनी तेज रफ्तार में हुआ कि संभलने का मौका ही नहीं मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और बाइक को कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
दु:खद हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल, सड़क किनारे लाइट व्यवस्था तथा सुरक्षा उपायों को बेहतर करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर अक्सर वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिस कारण ऐसे हादसे होने का खतरा बना रहता है। कई लोगों ने बताया कि रात के समय सड़क किनारे लाइट की कमी और मोड़ पर ज्यादा स्पीड भी दुर्घटना का बड़ा कारण हो सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 5 December 2025, 2:11 PM IST
Topics : GKP news hindi Gorakhpur Dn news up news hindi