हिंदी
Gorakhpur: जेसीबी की टक्कर से 14 वर्षीय छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में नया मोड़ आने के बाद पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त जेसीबी को भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद सिंह, नरसिंह यादव, राहुल यादव, वीरेंद्र यादव और शिवांग निषाद शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हादसे के रूप में दर्ज हुआ मामला अब हत्या के मुकदमे में तब्दील हो गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को एक जेसीबी चालक ने कथित रूप से लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक छात्र की बाइक को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया था।
पुलिस की गिरफ्त में सभी आरोपी
शुरुआत में मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर एम्स थाने में मुकदमा अपराध संख्या 349/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। इसी दौरान वादी की ओर से दोबारा प्रार्थना पत्र दिए जाने और अन्य साक्ष्यों के संकलन के बाद विवेचना की दिशा बदल गई। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की धारा 103(1) और आपराधिक साजिश की धारा 61(2) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोतरी की।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष एम्स महेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांचों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त जेसीबी भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विनोद सिंह निवासी गहिरा साही टोला थाना झंगहा, नरसिंह यादव निवासी राधोपट्टी थाना झंगहा, राहुल यादव निवासी पादरी बाजार मोहनापुर थाना शाहपुर, वीरेंद्र यादव निवासी रामपुर गोपालपुर थाना गुलरिहा और शिवांग निषाद निवासी रामपुर चक थाना चिलुआताल शामिल हैं।
Honda की नई Avancier SUV से उठा पर्दा, मिलेंगे कई हाईटेक फीचर्स, जानिए पूरी डिटेल
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 349/2026 में धारा 103(1) और 61(2) के तहत कार्रवाई की है। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार पांडेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संतोष सिंह, महिला उपनिरीक्षक हिमांशी पांडेय, उपनिरीक्षक आलोक शुक्ला, शिवांशु सिंह समेत एम्स थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
Location : Gorakhpur
Published : 20 November 2026, 2:59 PM IST