हिंदी
गुड मॉर्निंग देवरिया अभियान से सुरक्षित हुई सुबह (img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में शनिवार को जिलेभर में “गुड मॉर्निंग देवरिया” और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सुबह के समय जिले के विभिन्न पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने पार्कों और सड़कों पर मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला-पुरुषों से संवाद किया। पुलिस ने लोगों से उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। साथ ही नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस टीमों ने बुजुर्गों से भी आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। बुजुर्गों को पुलिस की ओर से हरसंभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
ये भी पढ़ें: सुलतानपुर में सैकड़ों लेखपालों का हल्लाबोल, तहसील दिवस का बहिष्कार; आखिर 2016 से क्या मांग रहे हैं?
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने सार्वजनिक और संवेदनशील स्थानों पर अपनी सक्रिय मौजूदगी बनाए रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को आवश्यक हिदायत दी गई। वहीं, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।

महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी। टीमों ने स्कूल और कोचिंग जाने वाली बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी जानकारी ली।
पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा समेत महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्हें किसी भी तरह की असुरक्षा या परेशानी महसूस होने पर बिना झिझक तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
ये भी पढ़ें: UP News Live Updates: उत्तर प्रदेश में आज की तमाम बड़ी खबरें और हर हलचल, यहां देखें एक क्लिक में
पुलिस के अनुसार “गुड मॉर्निंग देवरिया” अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करना भी है। अभियान के जरिए महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Location : Deoria
Published : 3 October 2026, 3:06 PM IST
Topics : Deoria News Deoria Police UP News