हंसी-खुशी गए थे नदी किनारे… फिर ऐसा क्या हुआ कि दोस्त भाग खड़े हुए? सरयू तट की घटना से दहला गांव

गोरखपुर के देवई पीपर गांव में 14 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। दोस्तों के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई है। पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। बेटे के लापता होने के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 25 March 2026, 10:24 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के गोला थाना क्षेत्र स्थित देवई पीपर गांव में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। सरयू नदी के तट पर दोस्तों के साथ नहाने गया 14 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, बाद में किशोर के साथियों द्वारा किए गए चौंकाने वाले खुलासे ने परिवार की उम्मीदों को झकझोर कर रख दिया, जिसमें उसके नदी में डूबने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।

साथियों का कबूलनामा

जानकारी के अनुसार, देवई पीपर निवासी शिवसागर का 14 वर्षीय पुत्र अमन मंगलवार की शाम तक जब अपने घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता होने लगी। शुरुआत में परिवार के सदस्यों ने उसे आसपास के खेल के मैदानों और रिश्तेदारों के यहां ढूंढा, लेकिन अमन का कहीं पता नहीं चला। जैसे-जैसे रात गहराती गई, परिजनों का डर बढ़ता गया और पूरे गांव में उसकी खोजबीन शुरू कर दी गई।

Sonbhadra Road Accident: सोनभद्र की आधी रात बनी काल! पलभर में उजड़ गए तीन घर; आखिर ऐसा क्या हुआ?

रात करीब आठ बजे कुछ ग्रामीणों ने सूचना दी कि अमन को शाम चार बजे के आसपास उसके कुछ दोस्तों के साथ सरयू नदी की ओर जाते देखा गया था।

इस जानकारी के आधार पर जब परिजनों ने अमन के साथ गए बच्चों से पूछताछ की, तो शुरू में उन्होंने डर के मारे कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, जब ग्रामीणों और परिजनों ने थोड़ी सख्ती दिखाई, तो मासूम बच्चों ने जो सच बताया उसे सुनकर सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। साथियों ने कबूल किया कि वे सभी नदी में नहाने गए थे, जहां अमन अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गया और डूबने लगा।

इससे साथी बच्चे इतना डर गए थे कि वे किसी को भी जानकारी दिए बिना चुपचाप वहां से भाग निकले और अपने घरों में छिप गए।

नदी किनारे मिले कपड़े

दोस्तों की निशानदेही पर जब बदहवास परिजन और ग्रामीण सरयू नदी के तट पर पहुंचे, तो वहां अमन के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इस साक्ष्य ने अमन के डूबने की आशंका को लगभग यकीन में बदल दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गोला थाना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।

हालांकि, रात के घनघोर अंधेरे और नदी के तेज बहाव के कारण खोजबीन अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

रसोई की आग बुझी तो सड़क पर भड़का गुस्सा! गैस सिलेंडर की किल्लत से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर लगाया जाम

परिवार में पसरा मातम

बताया जा रहा है कि लापता अमन एक निजी विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। उसके पिता शिवसागर परिवार के भरण-पोषण के लिए विदेश में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं, जबकि घर पर अमन का बड़ा भाई अंश और उसकी मां रहते हैं। इस हादसे के बाद से मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि बुधवार की सुबह से ही सर्च ऑपरेशन को और अधिक व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा ताकि जल्द से जल्द किशोर का पता लगाया जा सके। पुलिस टीम लगातार नदी के तटीय इलाकों में गश्त कर रही है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 25 March 2026, 10:24 AM IST