हिंदी
गौरखास गांव में बड़ा बवाल
Gorakhpur : गोला थाना क्षेत्र के ग्राम गौरखास में रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला पांच दिन बाद फिर खूनी संघर्ष में बदल गया। रविवार शाम दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार 2 जून की सुबह गांव में रास्ते के इस्तेमाल को लेकर दो पक्षों के बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। उस समय रामवृक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनका नाती अमन और नातिन अल्का कोचिंग से लौट रहे थे, तभी गांव के मनीष गौतम, दीपक, सोनू और गीता देवी ने उन्हें रास्ते में रोककर मारपीट की। इस घटना में अमन घायल हो गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गीता देवी, मनीष, दीपक और सोनू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
Gorakhpur News: वाहन चोरों पर पुलिस का शिकंजा, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
हालांकि पहला मुकदमा दर्ज होने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव कम नहीं हुआ। रविवार शाम एक बार फिर विवाद भड़क उठा और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस बार गीता देवी पत्नी श्रीनिवास ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि अमन, बलविंदर, अतुल तथा रामवृक्ष ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके पुत्र दीपक को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया और कान में गंभीर चोट आई।
गीता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह अपने बेटे को बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई और अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। इसके बाद घायल पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने गीता देवी की तहरीर के आधार पर अमन, बलविंदर, अतुल और रामवृक्ष के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब इस रास्ते के विवाद में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है।
Location : Gorakhpur
Published : 7 June 2026, 12:32 PM IST