हिंदी
पेड़ पर लटका मिला शव (IMG: Dynamite News)
Hathras: हाथरस के सिकंदराराऊ इलाके में एक युवक की मौत से गांव में सनसनी फैल गई। 24 साल का शीशपाल घर से कुछ दूरी पर गया और फिर बेरिया के पेड़ पर गमछे का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। कुछ देर बाद जब लोगों की नजर पेड़ पर लटके शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूरा मामला थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के जिरौली खुर्द गांव का है। गांव निवासी शीशपाल पुत्र राजपाल की उम्र करीब 24 वर्ष थी। बताया जा रहा है कि बीती देर शाम उसने गांव के पास स्थित एक बेरिया के पेड़ पर गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी सबसे पहले आसपास के लोगों को हुई। पेड़ पर युवक का शव लटका देखकर ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घटना की जानकारी शीशपाल के परिवार को दी गई।
जानकारी के मुताबिक शीशपाल की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। उसकी शादी एटा जिले की रहने वाली एक युवती के साथ हुई थी। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग भी जिरौली खुर्द गांव पहुंच गए। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच भी युवक की मौत को लेकर चर्चा होती रही। ससुराल पक्ष की ओर से बताया गया कि शीशपाल पिछले कुछ समय से परिवार में चल रहे बंटवारे के विवाद को लेकर परेशान था।
परिजनों और ससुराल पक्ष से मिली शुरुआती जानकारी में परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। बताया गया कि इसी विवाद के कारण शीशपाल मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिवार के लोगों का कहना है कि विवाद ने उसे किस हद तक परेशान किया था, यह तो जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि आत्महत्या की सीधी वजह बंटवारे का विवाद ही था।
‘अब्बा अब कभी लौटकर नहीं आएंगे’, हाथरस हादसे में 5 मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदराराऊ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में युवक के शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। इसके बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले युवक की स्थिति कैसी थी और क्या उसके परिवार में चल रहे विवाद को लेकर कोई तनाव था। इसके अलावा पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज कर सकती है।
Location : Hathras
Published : 8 September 2026, 2:16 PM IST