हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स-Pinterest)
Ghaziabad: कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान लाखों शिवभक्तों और कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए गाजियाबाद कमिश्नरेट के मसूरी थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कांवड़ मार्ग और उसके आसपास स्थित सभी मांसाहारी प्रतिष्ठानों को यात्रा अवधि तक पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि इस दौरान मीट, चिकन, मछली, अंडा और अन्य किसी भी तरह के नॉनवेज खाद्य पदार्थों की बिक्री, प्रदर्शन, भंडारण या परोसने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त और कांवड़िए मसूरी क्षेत्र से होकर गुजरेंगे। श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और जनभावनाओं का सम्मान बनाए रखने के साथ ही सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।
जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि कांवड़ मार्ग और उसके आसपास स्थित होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मीट शॉप, चिकन शॉप, फिश शॉप और अंडा विक्रेताओं समेत सभी मांसाहारी प्रतिष्ठानों को यात्रा अवधि तक बंद रखना होगा। इसके अलावा कच्चे मांस की बिक्री करने वाले केंद्रों पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।
जिन प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार के मांसाहारी खाद्य पदार्थों का विक्रय, भंडारण या परोसने का काम किया जाता है। वे भी आदेश के दायरे में आएंगे। ऐसे सभी संचालकों को नोटिस का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने केवल बिक्री पर ही नहीं, बल्कि मांसाहारी खाद्य पदार्थों के प्रदर्शन और भंडारण पर भी रोक लगाई है। आदेश के दौरान किसी भी दुकान, होटल या प्रतिष्ठान पर मांस, मछली, चिकन, अंडा या अन्य नॉनवेज खाद्य सामग्री को न तो बेचा जा सकेगा और न ही खुले तौर पर प्रदर्शित किया जा सकेगा।
नोटिस में प्रतिष्ठान संचालकों को चेतावनी दी गई है कि आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई संचालक निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई की जिम्मेदारी संबंधित प्रतिष्ठान संचालक की होगी।
महज दो माह पूर्व हुई थी शादी, अब इस हालत में मिली नवविवाहिता
यह नोटिस मसूरी थाना क्षेत्र के उपनिरीक्षक और चौकी प्रभारी की ओर से जारी किया गया है। नोटिस की एक प्रति कांवड़ सेल के नोडल अधिकारी को भी भेजी गई है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के सभी व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, धार्मिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
Location : Ghaziabad
Published : 30 July 2026, 9:14 AM IST